रायपुर। सरकारी प्रमाण पत्र बनवाने और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब प्रदेशवासियों को अलग-अलग सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। राज्य सरकार के ‘सेवा सेतु पोर्टल’ का दायरा बढ़ाते हुए अक्टूबर में 13 विभागों की 46 नई ऑनलाइन सेवाएं जोड़ी गई हैं, जिसके साथ ही अब प्रदेश के 38 विभागों की कुल 953 सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध हो गई हैं।
आंकड़ों में सेवा सेतु की बढ़ती लोकप्रियता
डिजिटल सेवा व्यवस्था के विस्तार के साथ ही पोर्टल पर आवेदनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। 1 अप्रैल 2025 से 31 अक्टूबर 2026 के बीच पोर्टल पर 57.52 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 56.45 लाख आवेदनों का सफल निराकरण किया जा चुका है। अकेले अक्टूबर माह में ही 3,08,049 आवेदन आए, जिनमें से 2,35,256 का निपटारा कर दिया गया है और शेष पर प्रक्रिया जारी है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में नागरिक सेवा व्यवस्था की शुरुआत वर्ष 2011 में आईटी 1.0 के तहत 9 विभागों की महज 25 सेवाओं से हुई थी। तकनीकी विस्तार के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 29 अप्रैल 2026 को सेवा सेतु के नए ‘आईटी 3.0’ संस्करण की शुरुआत की, जिससे अब 953 सेवाएं एक क्लिक पर उपलब्ध हैं।
ईडब्ल्यूएस, जाति और टीसी सहित कई महत्वपूर्ण सेवाएं ऑनलाइन
इस नए विस्तार में आम नागरिकों से लेकर ठेकेदारों और खिलाड़ियों तक की जरूरतों का ध्यान रखा गया है। राजस्व विभाग के तहत अब केंद्रीय ओबीसी, एससी, एसटी एवं ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र और सड़क दुर्घटना में मृत्यु या गंभीर रूप से घायल होने पर आर्थिक सहायता के लिए ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। वहीं स्कूल शिक्षा विभाग ने स्थानांतरण प्रमाण पत्र (टीसी) की सुविधा ऑनलाइन कर दी है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत नल कनेक्शन और कॉलोनाइजर पंजीयन के लिए एनओसी, जबकि लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में बोरवेल खनन अनुमति, हैंडपंप सुधार, पेयजल स्रोतों की जांच, उच्चस्तरीय जलागार की मरम्मत, क्लोरीनेशन संयंत्र के रखरखाव और ठेकेदारों से जुड़ी निविदा व ईएमडी वापसी जैसी सेवाएं जोड़ी गई हैं।
निर्माण, कृषि, खेल और अन्य विभागों की नई सुविधाएं
लोक निर्माण विभाग ने दूरी प्रमाण पत्र, सड़क से प्रवेश-निकास स्वीकृति, राष्ट्रीय राजमार्ग पर भवन रेखा निर्धारण, पाइपलाइन या केबल के लिए राइट ऑफ वे अनुमति तथा विभिन्न श्रेणियों के ठेकेदारों और बेरोजगार इंजीनियरों के पंजीयन की सुविधा दी है। कृषि और खाद्य विभाग के तहत उर्वरक, बीज और कीटनाशक लाइसेंस के साथ-साथ केरोसीन, नाप्था और विलायक व्यापार अनुज्ञप्ति एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया भी ऑनलाइन हो गई है। इसी तरह खेल विभाग में खेल अधोसंरचना के अस्थायी उपयोग, संघों की मान्यता और मेधावी खिलाड़ी प्रोत्साहन राशि के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इसके अलावा वन विभाग में काष्ठ भुगतान, पुरातत्व विभाग में अभिलेखों की प्रतिलिपि व अवलोकन, ऊर्जा विभाग में सीबीजी परियोजना सुविधा और ग्रामोद्योग विभाग के तहत रेशम विकास की विभिन्न योजनाओं को भी पोर्टल से जोड़ा गया है।
छत्तीसगढ़ की दो बेटियों का भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन, इंग्लैंड के खिलाफ खेलेंगी टी-20 सीरीज
कैसे करें आवेदन और कहां लें मदद?
नागरिक अपने मोबाइल या कंप्यूटर से सेवा सेतु पोर्टल पर ‘नागरिक लॉगिन’ के माध्यम से या नजदीकी सेवा सेतु केंद्र पर जाकर इन सेवाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज स्कैन कर अपलोड करने होंगे, जिसके बाद एक विशिष्ट संदर्भ क्रमांक प्राप्त होगा। इसी क्रमांक के जरिए पोर्टल पर आवेदन की स्थिति ट्रैक की जा सकेगी। किसी प्रकार की शिकायत या तकनीकी सहायता के लिए पोर्टल के होम पेज पर शिकायत विकल्प का उपयोग किया जा सकता है या चिप्स (CHiPS) के हेल्पलाइन नंबर 9203406400 पर संपर्क किया जा सकता है।



