वाराणसी। दोस्त का जन्मदिन मनाने और विंध्याचल धाम में मां विंध्यवासिनी के दर्शन कर लौट रहे आठ युवकों के साथ सोमवार सुबह रूपापुर ओवरब्रिज पर दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। सुबह करीब 6 बजे नेशनल हाईवे के ओवरब्रिज पर खड़ी स्कॉर्पियो के पास युवक फोटो, सेल्फी और रील्स बना रहे थे, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार सेब लदे अनियंत्रित 12 चक्का ट्रक ने उन्हें सीधे रौंद दिया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और शवों के टुकड़े 25 से 30 फीट दूर तक बिखर गए। हादसे में अब तक 5 दोस्तों की मौत हो चुकी है, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं जिनका इलाज ट्रॉमा सेंटर में जारी है।
जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, गाड़ी में रखी रह गई माता की चुनरी
शिवपुर थाना क्षेत्र निवासी निखिल यादव उर्फ गोलू का जन्मदिन मनाने के लिए सभी 8 दोस्त रात में ही किशन यादव की स्कॉर्पियो से विंध्याचल गए थे। सुबह माता के दर्शन, पूजन और तस्वीरें खिंचवाने के बाद सभी घर लौट रहे थे।घटनास्थल पर क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो के मलबे से माता की चुनरी, नारियल और प्रसाद के बिखरे डिब्बे मिले।दर्शन के कुछ ही देर बाद हुए इस हादसे ने पूरे क्षेत्र और परिजनों को स्तब्ध कर दिया।
ओवरब्रिज पर रील्स बना रहे थे युवक, चालक को आई झपकी
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लगभग 6 बजे रूपापुर ओवरब्रिज पर युवकों ने स्कॉर्पियो रोकी। कुछ युवक गाड़ी से नीचे उतरकर बोनट के आगे खड़े होकर सेल्फी और रील्स बनाने लगे।इसी दौरान कश्मीर से सेब लादकर झारखंड जा रहे 12 टायर वाले ट्रक के चालक को अचानक झपकी आ गई और उसका टायर फट गया।अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से स्कॉर्पियो और युवकों को जोरदार टक्कर मारी।भिड़ंत के दौरान आनंद यादव (25), आलोक मिश्रा (30) और प्रदीप सिंह (36) की ओवरब्रिज पर ही दर्दनाक मौत हो गई।वहीं किशन यादव और विद्वांशु यादव टक्कर के प्रभाव से ओवरब्रिज से 20 फीट नीचे सर्विस लेन पर जा गिरे। विद्वांशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल किशन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतकों और घायलों का विवरण
मृतक (5):
-
आलोक मिश्रा (30 वर्ष, पिसौर): दो भाइयों में दूसरे नंबर पर, पांच दिन बाद एक टेलीकॉम कंपनी में जॉइनिंग होने वाली थी।
-
विद्वांशु यादव (30 वर्ष, वीडीए कॉलोनी शिवपुर): ठेकेदारी कर पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था, पिता का पहले ही निधन हो चुका था।
-
प्रदीप सिंह (36 वर्ष, चोलापुर एकला): ई-कॉमर्स कंपनी में मैनेजर। परिवार में पत्नी और एक मासूम बेटा है, जिसे दशहरे पर मेला घुमाने का वादा किया था।
-
आनंद यादव (25 वर्ष, चमाव): मौके पर ही दम तोड़ा।
-
किशन यादव (35 वर्ष, चालक): नीचे गिरने के बाद अस्पताल में उपचार के दौरान मौत।
गंभीर घायल (3):सावन यादव (26 वर्ष), राजकुमार यादव (35 वर्ष) और निखिल उर्फ गोलू (32 वर्ष)—सभी का इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है।
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया, खलासी हिरासत में
चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही डीसीपी गोमती जोन नीतू, एडीसीपी नृपेंद्र कुमार और एसीपी राजातालाब वीर सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे। पुलिस ने सेब लदे ट्रक को कब्जे में लेकर उसके खलासी को हिरासत में ले लिया है और चालक की तलाश के साथ विधिक कार्रवाई की जा रही है।


