छत्तीसगढ़ के भिलाई-3 चरोदा में पुलिस ने एक पिकअप वाहन से करीब 4 करोड़ रुपये नकद बरामद किए हैं। बताया जा रहा है कि नकदी को वाहन में बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपाकर ले जाया जा रहा था। इस मामले में दुर्ग क्राइम ब्रांच ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

कुम्हारी टोल प्लाजा पर पुलिस को मिली थी सूचना
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को सूचना मिली थी कि अभनपुर की ओर से आ रही एक पिकअप में भारी मात्रा में नकदी रखी गई है। इसके बाद कुम्हारी टोल प्लाजा के पास पुलिस की टीम तैनात की गई। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन नहीं रोका, जिसके बाद टीम ने पीछा कर भिलाई-3 चरोदा के पास पिकअप को पकड़ लिया।
गुप्त चेंबर से निकले नोटों के बंडल
वाहन की तलाशी के दौरान उसमें विशेष रूप से बनाया गया गुप्त चेंबर मिला। इसके अंदर नोटों के बंडल छिपाकर रखे गए थे। जांच के दौरान करीब 4 करोड़ रुपये नकद बरामद होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
आयकर विभाग करेगा नकदी की जांच
फिलहाल पुलिस नकदी के स्रोत और उसे ले जाने के उद्देश्य की जांच कर रही है। मामले को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंपे जाने की जानकारी है। इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।


