कबीरधाम जिले के कुकदुर क्षेत्र में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। केसमरदा गांव में आधी रात चार हाथियों के दल ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने दो घरों में तोड़फोड़ की और शादी समारोह के लिए जुटाकर रखा गया नौ बोरी चावल बर्बाद कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, जंगल में विचरण कर रहे चार हाथियों का दल रात में अचानक गांव की बस्ती में घुस आया। उस समय बैगा परिवार के लोग अपने घरों में सो रहे थे। हाथियों ने घरों में तोड़फोड़ शुरू कर दी और वहां रखे खाद्य पदार्थों को खाकर बिखेर दिया। हाथियों के अचानक पहुंचने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग घरों से निकलकर भागे और किसी तरह अपनी जान बचाई।
शादी के लिए जुटाया था नौ बोरी चावल
बताया जा रहा है कि बुधसिंह बैगा के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। समारोह में आने वाले मेहमानों के लिए नौ बोरी चावल जुटाकर रखा गया था, लेकिन हाथियों के दल ने चावल को खा लिया और बिखेरकर बर्बाद कर दिया। शादी की तैयारियों के बीच हुए इस नुकसान से परिवार की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

महिला की मौत के बाद इलाके में दहशत
इस इलाके में हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीण पहले से ही भयभीत हैं। करीब एक सप्ताह पहले चार हाथियों के दल ने एक महिला को कुचलकर मार डाला था। लगातार हाथियों के गांवों में पहुंचने और नुकसान पहुंचाने की घटनाओं से ग्रामीणों में डर बना हुआ है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने, जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। ग्रामीणों ने प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की है।



