नौकरी दिलाने के नाम पर ₹13.50 लाख की ठगी का आरोप झेल रही महिला को विभाग ने नहीं दी थी राहत; जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की एकलपीठ ने विभागीय आदेश में हस्तक्षेप करने से किया इनकार।
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट (Chhattisgarh High Court) ने अनुकंपा नियुक्ति (Compassionate Appointment) को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण और कड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के गंभीर आपराधिक आरोपों से घिरी एक विधवा महिला को अनुकंपा नियुक्ति देने से मना करने वाले विभागीय आदेश में हस्तक्षेप करने से साफ इनकार कर दिया है।
जस्टिस बिभु दत्ता गुरु की एकलपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए महिला की याचिका को खारिज कर दिया। अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट रूप से कहा कि याचिकाकर्ता विभाग के फैसले को अनुचित, मनमाना या हस्तक्षेप करने योग्य साबित करने के लिए कोई भी ठोस और कानूनी आधार प्रस्तुत नहीं कर सकी।
पति के निधन के बाद किया था आवेदन, फिर खुला धोखाधड़ी का मामला
याचिकाकर्ता करुणा राजे शर्मा (32 वर्ष), जो वर्तमान में बिलासपुर के सकरी स्थित रामा लाइफ सिटी की निवासी हैं, उनके पति राजीव नयन शर्मा जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ में सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (ABEO) के पद पर कार्यरत थे। सेवाकाल के दौरान 3 जुलाई 2022 को राजीव नयन शर्मा का आकस्मिक निधन हो गया था।
पति के निधन के बाद करुणा ने 19 जुलाई 2022 को शिक्षा विभाग में अनुकंपा नियुक्ति के लिए नियमानुसार आवेदन प्रस्तुत किया था हालांकि, इस बीच महिला के खिलाफ लोगों को विभिन्न सरकारी विभागों में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कथित तौर पर 13.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी और ठगी करने का एक गंभीर मामला सामने आया। इस मामले में पुलिस ने उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया। इस आपराधिक केस की वजह से विभाग ने उनकी पात्रता और चरित्र को संदेहास्पद मानते हुए अनुकंपा नियुक्ति देने से हाथ पीछे खींच लिए।
हाई कोर्ट में चली लंबी कानूनी लड़ाई
विभाग से आवेदन पर कोई सकारात्मक निर्णय नहीं मिलने से परेशान होकर करुणा राजे शर्मा ने हाई कोर्ट का रुख किया और याचिका (डब्ल्यूपीएस क्रमांक 5890/2024) दायर की।
मामले की शुरुआती सुनवाई करते हुए, 12 फरवरी 2025 को हाई कोर्ट ने विभाग को आदेश दिया था कि वे चार सप्ताह के भीतर याचिकाकर्ता के आवेदन पर अंतिम निर्णय लें।तय सीमा में कार्रवाई न होने पर याचिकाकर्ता ने अवमानना (Contempt) की कार्यवाही शुरू करवाई। 22 अप्रैल 2026 को इस अवमानना कार्यवाही के निराकरण के दौरान राज्य शासन ने अदालत को सूचित किया कि विभाग ने कड़े नियमों और महिला पर दर्ज आपराधिक मुकदमे को देखते हुए 28 मई 2025 को ही उनकी अनुकंपा नियुक्ति के आवेदन को खारिज कर दिया था।
अदालत का फैसला: चरित्र और आचरण भी जरूरी
याचिकाकर्ता की ओर से तर्क दिया गया कि वह अपने परिवार की इकलौती सहारा हैं और उन पर लगाए गए आरोप अभी अदालत में साबित नहीं हुए हैं, इसलिए उन्हें सेवा का अवसर मिलना चाहिए।
हालांकि, हाई कोर्ट ने उनकी दलीलों को अस्वीकार करते हुए कहा कि अनुकंपा नियुक्ति कोई मौलिक अधिकार नहीं है, बल्कि यह एक अनुग्रह और राहत नीति है। शासकीय सेवा में किसी भी व्यक्ति की नियुक्ति से पूर्व उसका चरित्र, आचरण और आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच बेहद महत्वपूर्ण होती है। चूंकि याचिकाकर्ता 13.50 लाख रुपये के बड़े आपराधिक व धोखाधड़ी के मामले में मुकदमे का सामना कर रही हैं, ऐसे में विभाग द्वारा उन्हें नियुक्ति न देना किसी भी दृष्टिकोण से गैर-कानूनी या मनमाना नहीं कहा जा सकता। कोर्ट ने मामले की परिस्थितियों को देखते हुए याचिका को बिना किसी राहत के खारिज कर दिया।



