Air India Flight Turbulence: फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI2379 मंगलवार को अचानक तेज टर्बुलेंस (हवा में अशांति) की चपेट में आ गई। इस दौरान विमान की ऊंचाई में करीब 300 फीट की अचानक गिरावट दर्ज की गई, जिससे विमान में अफरा-तफरी मच गई। घटना में 10 यात्री और 4 क्रू मेंबर मामूली रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, विमान में 134 यात्री सवार थे। टर्बुलेंस का दौर करीब 2 से 3 मिनट तक चला। घटना के दौरान कई यात्रियों में घबराहट फैल गई और विमान में चीख-पुकार मच गई। हालांकि पायलट ने स्थिति को नियंत्रित रखा और विमान को सुबह करीब 11 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया।
लैंडिंग के बाद एयर इंडिया की मेडिकल टीम ने सभी यात्रियों की जांच की। घायल 10 यात्रियों और 4 क्रू सदस्यों को एहतियातन एयरपोर्ट स्थित मेदांता मेडिकल सेंटर भेजा गया। एयरलाइन के मुताबिक, किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई है।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है और घटना की जांच में संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
- उड़ान के दौरान सीट बेल्ट हमेशा बांधे रखें, चाहे सीट बेल्ट संकेत बंद ही क्यों न हो।
- टर्बुलेंस के समय घबराएं नहीं और क्रू मेंबर्स के निर्देशों का पालन करें।
- ऊपर वाले लगेज कंपार्टमेंट को सावधानी से खोलें।
- बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।
- टेकऑफ और लैंडिंग के दौरान सीट पर ही बैठे रहें।
ताज़ा खबरों और अपडेट्स के लिए हमें Facebook और Instagram पर फॉलो करें।

