छत्तीसगढ़ में शहरीकरण को नई रफ्तार देने के लिए प्रदेश के 10 प्रमुख नगर निगमों का दायरा बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। शहरों से सटे ग्रामीण क्षेत्रों को अब नगरीय सीमा में शामिल कर उन्हें शहर का दर्जा दिया जाएगा। इसके लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय ने पत्र जारी कर रायपुर, भिलाई, बिलासपुर, कोरबा, दुर्ग, रायगढ़, राजनांदगांव, जगदलपुर, अंबिकापुर और रिसाली नगर निगमों से आसपास की ग्राम पंचायतों तथा वर्ष-2011 की जनगणना के अनुसार उनकी आबादी का विस्तृत ब्योरा मांगा है।
प्रति व्यक्ति 2000 रुपये का केंद्रीय अनुदान
16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक पांच वर्षों के लिए ‘शहरीकरण प्रीमियम घटक’ में 10 हजार करोड़ रुपये का विशेष प्रावधान किया गया है। इस CG Nagar Nigam Expansion योजना के तहत गांवों को शहरी सीमा में शामिल करने पर केंद्र सरकार प्रति व्यक्ति दो हजार रुपये का अनुदान देगी। यह अनुदान राशि वर्ष-2011 की जनगणना के आधार पर नए शामिल किए गए क्षेत्रों की कुल आबादी के हिसाब से दी जाएगी।
शर्तों के साथ लागू होगी विलय की नीति
16वें वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों के मुताबिक, यह लाभ उन बड़े नगरीय निकायों के आसपास के गांवों को मिलेगा, जिनकी आबादी कम से कम एक लाख है। इसके लिए राज्य सरकार को ग्रामीण से शहरी क्षेत्र में बदलाव की एक स्पष्ट और समयबद्ध नीति तैयार करनी होगी।
विलय से पहले संबंधित क्षेत्रों की वित्तीय स्थिति, कर्मचारियों की व्यवस्था और बुनियादी ढांचे पर पड़ने वाले असर का आकलन किया जाएगा। साथ ही, संपत्तिकर और उपयोगकर्ता शुल्क जैसे करों को चरणबद्ध तरीके से लागू करने का खाका भी तैयार होगा। सरकार द्वारा विलय की अधिसूचना जारी करने के बाद ही केंद्र को अनुदान का प्रस्ताव भेजा जा सकेगा। इस राशि का उपयोग केवल बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर होगा, न कि वेतन या स्थापना खर्च पर।
प्रक्रिया की निगरानी के लिए 6 सदस्यीय समिति गठित
इस पूरी योजना को सुचारू रूप से लागू करने के लिए राज्य सरकार ने छह सदस्यीय उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास के अपर संचालक इस समिति के अध्यक्ष होंगे, जबकि मुख्य अभियंता, संयुक्त संचालक, राज्य शहरी विकास अभिकरण के अधीक्षण अभियंता व उप संचालक (विविध शाखा) इसके सदस्य और कार्यपालन अभियंता सदस्य सचिव बनाए गए हैं। यह समिति गांवों के चयन से लेकर केंद्र से अनुदान प्राप्त करने तक की संपूर्ण प्रक्रिया की निगरानी करेगी।
शहरी सीमा में शामिल होने से ग्रामीणों को मिलने वाले बड़े लाभ
नगरीय निकायों का हिस्सा बनने से इन शहरीकरण योजना छत्तीसगढ़ क्षेत्रों की तस्वीर पूरी तरह बदल जाएगी:
-
बुनियादी सुविधाएं: नल से साफ पेयजल, आधुनिक कचरा प्रबंधन, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और स्ट्रीट लाइटों का जाल बिछेगा।
-
बेहतर कनेक्टिविटी: इन इलाकों में सिटी बस और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का तेजी से विस्तार होगा।
-
रोजगार और निवेश: उद्योगों, सेवा क्षेत्रों और नए स्टार्टअप्स को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
-
संपत्ति के मूल्य में वृद्धि: भू-उपयोग नियमों में सुधार होने से स्थानीय लोगों की जमीन और संपत्तियों की कीमतों में इजाफा होगा।
-
शिक्षा और स्वास्थ्य: नागरिकों को आधुनिक शैक्षणिक संस्थानों, बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं और हाई-स्पीड डिजिटल कनेक्टिविटी का सीधा लाभ मिलेगा।



