डोंगादरहा की 7 वर्षीय सुकृता बाई बनी तेज रफ्तार का शिकार, आक्रोशित ग्रामीणों ने पीछा कर पकड़ा वाहन, आरोपी चालक पुलिस हिरासत में।
छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले अंतर्गत कोतबा-लावाकेरा मुख्यमार्ग पर बुधवार की दोपहर एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। यहाँ सड़क पार कर रही एक 7 वर्षीय मासूम बच्ची को तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में मासूम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान डोंगादरहा (पुजारी पारा) निवासी मुक्तेश्वर सिदार की सुपुत्री कु. सुकृता बाई (7 वर्ष) के रूप में हुई है।
इस घटना के बाद से जहाँ पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे क्षेत्र में गहरा शोक और भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
भागने के चक्कर में बच्ची को दोबारा कुचला
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली दर्दनाक जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त पिकअप (क्रमांक JH 01 EX 9288) संबलपुर से टमाटर लेने के लिए लुड़ेग की ओर जा रही थी। वाहन चालक बेहद अनियंत्रित और तेज गति से गाड़ी चला रहा था। इसी दौरान जैसे ही सुकृता सड़क पार करने लगी, पिकअप ने उसे इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह उछलकर सड़क पर काफी दूर जा गिरी।
आसपास के लोगों ने बताया कि टक्कर मारने के बाद वाहन रोकने और घायल बच्ची की सुध लेने के बजाय आरोपी चालक ने भागने की कोशिश की। इसी आपाधापी में उसने मासूम बच्ची के ऊपर दोबारा गाड़ी चढ़ा दी और मौके से फरार हो गया। इस बर्बरता और भीषण चोटों के कारण बच्ची ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने खदेड़कर पकड़ा आरोपी, पुलिस को सौंपा
हादसे को देखकर वहां मौजूद जागरूक ग्रामीणों और राहगीरों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने तत्परता दिखाते हुए भाग रही पिकअप का पीछा शुरू किया। आखिरकार कोतबा के बैगाबहार के पास ग्रामीणों ने घेराबंदी कर भाग रहे वाहन को रोक लिया और आरोपी चालक को दबोच लिया।
घटना की सूचना तत्काल कोतबा पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पिकअप को जब्त कर लिया। कोतबा पुलिस ने आरोपी चालक से प्रारंभिक पूछताछ करने के बाद उसे और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को पुलिस चौकी कोल्हेनझरिया (थाना तुमला) के सुपुर्द कर दिया है।
मर्ग कायम, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पुलिस चौकी कोल्हेनझरिया द्वारा इस मामले में मर्ग कायम कर विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर दुर्घटना की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है। उधर, कोतबा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आवश्यक पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची के शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है।



