रायपुर। प्रदेश के पुलिस और जेल विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब बड़ी आर्थिक राहत मिलने जा रही है। आईआईटी-जेईई (IIT-JEE), नीट (NEET) सहित अन्य प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए निजी संस्थानों की फीस में 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट दी जाएगी।
प्रभारी पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एवं जेल डीजी हिमांशु गुप्ता की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में इस पर सहमति बनी। बैठक में प्रदेश के प्रमुख कोचिंग संस्थानों—एलन एकेडमी और आकाश इंस्टीट्यूट के संचालक शामिल हुए।
किस संस्थान में कितनी छूट?
-
आकाश इंस्टीट्यूट: रायपुर स्थित आकाश इंस्टीट्यूट में प्रवेश लेने वाले पुलिस एवं जेलकर्मियों के बच्चों को कुल फीस में 30 से 50 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी।
-
एलन एकेडमी: रायपुर, भिलाई और बिलासपुर शाखाओं में दाखिला लेने वाले कर्मचारियों के बच्चों को पूरी फीस पर 30 प्रतिशत की रियायत दी जाएगी।
इस बैठक के दौरान डीसीपी तारकेश्वर पटेल, आकाश इंस्टीट्यूट से सतीश कुमार धृतलहरे, तथा एलन एकेडमी की ओर से देबाजीत चटर्जी और महेंद्र चंद्रा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। पुलिस मुख्यालय की इस पहल से जवानों और कर्मचारियों के बच्चों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने में सीधा लाभ मिलेगा।



