हर कर्मचारी को करनी होगी 1 घंटे ऑनलाइन पढ़ाई
रायपुर:
भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) के तहत ‘कर्मयोगी भारत’ द्वारा जारी जुलाई 2026 की रैंकिंग में छत्तीसगढ़ ने 1 से 5 लाख कर्मचारियों वाली श्रेणी (कैटेगरी-B) में 30.79 कंपोजिट स्कोर के साथ देश में 9वां स्थान हासिल किया है। इस रैंकिंग में सुधार लाने के लिए राज्य के सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने कमर कस ली है। विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और जिला कलेक्टरों को पत्र जारी कर AI आधारित क्षमता निर्माण, विभागीय कोर्स तैयार करने और कर्मचारियों की नियमित ऑनलाइन लर्निंग सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
100 अंकों के मूल्यांकन का गणित
राज्यों की रैंकिंग कुल 100 अंकों के तीन प्रमुख संकेतकों के आधार पर तय की जाती है:
-
AI आधारित Capacity Building Plans (30 अंक): 25% या अधिक विभागों द्वारा AI टूल से क्षमता निर्माण योजनाएं तैयार करने पर पूरे 30 अंक मिलेंगे। 10 से 25% पर 10 अंक और 10% से कम पर शून्य अंक का प्रावधान है।
-
iGOT पर लाइव कोर्स का योगदान (30 अंक): राज्य द्वारा 10 या उससे अधिक लाइव कोर्स उपलब्ध कराने पर 30 अंक, 7 से 9 कोर्स पर 21 अंक मिलेंगे। इसके तहत हर विभाग को अपने कार्यक्षेत्र से जुड़ा कम से कम एक कोर्स बनाना अनिवार्य किया गया है।
-
मासिक ऑनलाइन लर्निंग (40 अंक): पिछले महीने कम से कम एक घंटे की iGOT लर्निंग पूरी करने वाले पंजीकृत अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रतिशत पर अधिकतम 40 अंक निर्धारित हैं।
11 सितंबर को देशव्यापी बैंक हड़ताल: लगातार 4 दिन प्रभावित हो सकता है कामकाज

कैटेगरी-B में राज्यों की स्थिति (जुलाई 2026 रैंकिंग)
| स्थान | राज्य | कंपोजिट स्कोर |
| 1 | हिमाचल प्रदेश | 51.56 |
| 2 | गुजरात | 51.18 |
| 3 | कर्नाटक | 40.47 |
| 9 | छत्तीसगढ़ | 30.79 |
| 10 | हरियाणा | 30.71 |
| 11 | ओडिशा | 30.47 |
कैटेगरी-A में अरुणाचल प्रदेश 37.29 अंकों के साथ और 5 लाख से अधिक कर्मचारियों वाली कैटेगरी-C में राजस्थान 62.49 अंकों के साथ शीर्ष पर रहा।
फ्रंटलाइन कर्मचारियों को जोड़ने और स्थानीय भाषा के कोर्स पर जोर
कर्मयोगी भारत के निर्देशों के तहत 31 अगस्त 2026 तक राज्य के सभी फ्रंटलाइन कर्मचारियों का डेटा साझा करने को कहा गया है, ताकि अंतिम छोर तक कार्यरत कर्मचारियों को नागरिक-केंद्रित सेवाओं का निरंतर प्रशिक्षण मिल सके। इसके साथ ही प्रशासनिक प्रशिक्षण संस्थानों के डिजिटल लैब और कंटेंट स्टूडियो की मदद से स्थानीय भाषा और राज्य की योजनाओं पर आधारित डोमेन कोर्स विकसित किए जाएंगे।
सभी विभागों को इन गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने और प्रगति रिपोर्ट ईमेल (DS-igotkarmayogi@cg.gov.in) के माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।























