छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के उपलक्ष्य में संस्कृति और स्कूल शिक्षा विभाग की संयुक्त पहल; जिला स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पाने वाले छात्रों को मिलेगा सम्मान
अपनी मातृभाषा, स्थानीय बोलियों और लोक संस्कृति को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने एक सराहनीय पहल शुरू की है। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश के सभी जिलों के शासकीय विद्यालयों में 27 नवंबर से 5 दिसंबर 2026 तक महतारी भाखा सम्मान सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। संस्कृति विभाग द्वारा छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
इस विशेष सप्ताह के दौरान मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा में अभिव्यक्ति का मंच मिलेगा। निबंध प्रतियोगिता के लिए अधिकतम 200 शब्द और 45 मिनट की समय-सीमा तय की गई है, जबकि भाषण, वाद-विवाद और लोकगीत प्रतियोगिताओं में प्रत्येक प्रतिभागी को अपनी प्रस्तुति के लिए अधिकतम 5 मिनट का समय दिया जाएगा।
महतारी भाखा सम्मान सप्ताह का तिथिवार पूरा कार्यक्रम:
दिनांक स्तर / श्रेणी आयोजित होने वाली मुख्य गतिविधि / प्रतियोगिता
27 नवंबर मिडिल स्कूल निबंध प्रतियोगिता (अधिकतम 200 शब्द)
28 नवंबर राज्य स्तरीय कार्यक्रम रायपुर में छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ी दिवस समारोह
30 नवंबर मिडिल स्कूल भाषण प्रतियोगिता
1 दिसंबर हाई स्कूल वाद-विवाद प्रतियोगिता
2 दिसंबर हाई स्कूल लोकगीत प्रतियोगिता
3 दिसंबर हायर सेकेंडरी स्कूल निबंध प्रतियोगिता
4 दिसंबर हायर सेकेंडरी स्कूल भाषण प्रतियोगिता
5 दिसंबर महाविद्यालय स्तर वाद-विवाद प्रतियोगिता
विजेताओं को मिलेगा सम्मान और प्रमाण पत्र:
आयोजन को व्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए विभाग ने प्रमुख निर्देश जारी किए हैं:
प्रतियोगिताओं के लिए निर्णायक मंडल और आयोजन स्थल का चयन स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा किया जाएगा।
सभी जिलों में मिडिल, हाई और हायर सेकेंडरी स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल करने वाले विजेता विद्यार्थियों को संस्कृति विभाग द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया जाएगा।
प्रतिदिन होने वाली गतिविधियों, प्रतिभागियों की संख्या और विजेताओं की नामवार सूची निर्धारित प्रारूप में संस्कृति विभाग को भेजी जाएगी।
गौरतलब है कि 14 अगस्त 2008 को स्थापित छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग लगातार छत्तीसगढ़ी और अन्य स्थानीय बोलियों के साहित्य सृजन, अनुसंधान और प्रशासनिक उपयोग को बढ़ावा दे रहा है। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस 2026 के अवसर पर मनाया जा रहा यह महतारी भाखा सम्मान सप्ताह छात्रों में अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति गौरव और सम्मान का भाव जागृत करने में मील का पत्थर साबित होगा।



