रायपुर:
छत्तीसगढ़ भाजपा ने वर्ष 2028 के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से सांगठनिक मोर्चे पर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राजधानी रायपुर के एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित स्वागत एवं अभिनंदन कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को अभी से बूथ स्तर पर सक्रिय होने का मंत्र दिया। इस बैठक में नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के 25 अक्टूबर को होने वाले प्रथम छत्तीसगढ़ प्रवास की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।
सुप्रीम कोर्ट का सवाल: शिक्षकों की भर्ती में महिला और पुरुष के लिए अलग-अलग सीटें क्यों?
2028 के लिए बूथ स्तर पर बनेगी रणनीति, व्यक्तिगत होर्डिंग्स पर पाबंदी
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारी बूथ स्तर से ही शुरू करनी होगी। उन्होंने निर्देश दिया कि पार्टी के सभी जनप्रतिनिधि सीधे बूथ स्तर पर ध्यान केंद्रित करें और हर महीने जिला, मंडल तथा शक्ति केंद्र स्तर पर अनिवार्य रूप से बैठकें आयोजित की जाएं।
प्रभारी के स्वागत कार्यक्रमों को लेकर उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि शहर में किसी भी नेता का व्यक्तिगत फ्लेक्स या होर्डिंग नहीं लगाया जाएगा। पूरे शहर को केवल भाजपा के आधिकारिक झंडों से सजाया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि ‘हमने बनाया है, हम ही संवारेंगे’ के संकल्प के साथ संगठन को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना है। आगामी 25 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी भी शामिल होंगी, जिसमें व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
थम सकते हैं पहिए: अखिल भारतीय ड्राइवर संगठन ने फूंका आंदोलन का बिगुल, जरूरी चीजों की सप्लाई पर संकट के आसार
25 अक्टूबर को निकलेगी भव्य बाइक रैली
भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने बताया कि 25 अक्टूबर 2026 को नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के प्रथम रायपुर आगमन पर माना एयरपोर्ट पर महिला मोर्चा द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके बाद एयरपोर्ट से लेकर कुशाभाऊ ठाकरे प्रदेश कार्यालय तक 1,000 से अधिक कार्यकर्ताओं की सहभागिता वाली विशाल बाइक रैली निकाली जाएगी। माना क्षेत्र की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संजय यादव को सौंपी गई है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नए प्रभारियों का रायपुर की पावन धरा पर ऐतिहासिक और अभूतपूर्व स्वागत करना हर कार्यकर्ता का दायित्व है।
कंप्यूटर नहीं चलाने वाले सैकड़ों वरिष्ठ शिक्षकों के सामने बड़ी मुसीबत, ऑनलाइन TET परीक्षा के फैसले पर घमासान
31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेंगे विशेष अभियान
भाजपा प्रदेश महामंत्री व रायपुर संभाग प्रभारी अखिलेश सोनी ने आगामी कार्यक्रमों का खाका पेश करते हुए बताया कि 31 अक्टूबर को विशाल पदयात्रा निकाली जाएगी। वहीं, 31 अक्टूबर से 5 नवंबर तक ‘लोकतंत्र बनाम भीड़तंत्र’, ‘घुसपैठिए हटाओ-देश बचाओ’ अभियान और प्रबुद्ध नागरिक संगोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। इन सभी अभियानों को लेकर जमीनी कार्यक्रमों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी व्यापक कैंपेन चलाया जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ नेता रहे मौजूद:
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय, जिला प्रभारी राजेंद्र शर्मा, विधायक पुरन्दर मिश्रा, मोतीलाल साहू, सुनील सोनी, रायपुर महापौर मीनल चौबे, प्रदेश उपाध्यक्ष नन्दन जैन, प्रदेश कार्यालय प्रभारी अशोक बजाज, सह-प्रभारी प्रीतेश गांधी, प्रदेश मंत्री अमित साहू, जिला महामंत्री गुंजन प्रजापति, अमित मैसेरी सहित सभी मंडलों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


