*गुमला।* जिले में पारिवारिक विवाद के चलते दो महिलाओं की हत्या का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि दो सगे भाइयों ने अपनी-अपनी पत्नियों की हत्या कर दी।
हत्या करने के बाद सबूत मिटाने के लिए दोनों शवों को एंबुलेंस की मदद से सिमडेगा जिले के वीरू जंगल में ले जाकर दफना दिया। पुलिस ने दोनों आरोपी भाइयों को हिरासत में ले लिया है और जंगल में शवों की तलाश की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, दोनों दंपतियों के बीच लंबे समय से रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे, बीते शनिवार को दोनों पक्षों के बीच आपसी बातचीत से विवाद को सुलझा लिया गया था, जिसके बाद शिव शंकर और नवीन अपनी-अपनी पत्नियों को लेकर समसेरा स्थित घर लौट गए थे।
सोमवार की सुबह करीब नौ बजे परिवार के लोगों की दोनों महिलाओं से आखिरी बार बात हुई थी, तब तक सब कुछ सामान्य था। इसके बाद से दोनों महिलाओं का फोन बंद आने लगा और परिवार से उनका संपर्क पूरी तरह टूट गया। आशंका जताई जा रही है कि सोमवार के बाद घर में फिर से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ, जिसके बाद दोनों भाइयों ने मिलकर अपनी पत्नियों की हत्या कर दी।



