केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने नियमों में किया संशोधन; 100 रुपये के टोल की चोरी पर अब भरने होंगे 600 रुपये, जल्द जारी होगी अधिसूचना
हाईवे पर बिना रुके सफर की सुविधा देने वाले आधुनिक बैरियर फ्री टोल प्लाजा नियम को और अधिक सख्त बनाने के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय सड़क, परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने निर्णय लिया है कि मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोल प्लाजा पर जानबूझकर नंबर प्लेट छिपाने, फास्टैग न लगाने या नंबर प्लेट से किसी भी तरह की छेड़छाड़ कर टोल बचाने वालों पर टोल टैक्स चोरी पर 5 गुना जुर्माना लगाया जाएगा।
मंत्रालय के अनुसार, नियमों में आवश्यक संशोधन कर लिए गए हैं और इन्हें प्रभावी बनाने के लिए अगले कुछ दिनों में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। नए प्रावधानों के तहत दोषी वाहन चालकों से उस टोल रोड का निर्धारित शुल्क लेने के साथ-साथ उसका पांच गुना अतिरिक्त जुर्माना वसूला जाएगा। यदि वाहन चालक जुर्माने की राशि का भुगतान नहीं करता है, तो उसकी गाड़ी जब्त करने से लेकर अन्य सख्त कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
ऐसे समझें जुर्माने का पूरा गणित (100 रुपये के टोल पर 600 की वसूली):
-
यदि किसी बैरियर फ्री टोल प्लाजा को पार करने का निर्धारित शुल्क 100 रुपये है और कोई चालक टोल चोरी करते पकड़ा जाता है।
-
तो उससे मूल टोल के 100 रुपये के अलावा 500 रुपये (5 गुना) अतिरिक्त जुर्माने के रूप में लिए जाएंगे।
-
इस तरह चालक को कुल 600 रुपये का भुगतान करना होगा।
क्या है मल्टी लेन फ्री फ्लो (MLFF) टोलिंग प्रणाली?मल्टी लेन फ्री फ्लो सिस्टम
एक आधुनिक बैरियर-फ्री इलेक्ट्रॉनिक टोलिंग व्यवस्था है। इसके अंतर्गत टोल प्लाजा से फिजिकल बैरियर हटाकर सड़क के ऊपर ओवरहेड गैंट्री लगाई जाती हैं। इन गैंट्री पर लगे हाई-टेक कैमरे वाहन की विंडस्क्रीन पर चिपके फास्टैग और गाड़ी की नंबर प्लेट को स्कैन कर उसकी पहचान करते हैं, जिससे गाड़ी के बिना रुके ही खाते से टोल कट जाता है। इस प्रणाली से टोल प्लाजा पर लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से मुक्ति मिलती है और ईंधन व समय दोनों की बचत होती है।
नियम में रह गया यह बड़ा कानूनी पेंच:
हालांकि, एनएचएआई टोल नियम 2026 के इस फैसले में एक महत्वपूर्ण शर्त भी जोड़ी गई है। प्रावधान के अनुसार, पांच गुना जुर्माने का यह नियम केवल तभी लागू होगा जब यह साबित हो जाए कि वाहन चालक ने आगे, पीछे या दोनों तरफ की नंबर प्लेट छिपाने अथवा फास्टैग न लगाने का काम जानबूझकर टोल टैक्स की चोरी करने के इरादे से किया था। ऐसे मामलों में भी कार्रवाई होगी जहां तकनीकी रूप से फास्टैग का पता नहीं लगाया जा सका हो, बशर्ते चोरी की मंशा स्थापित हो जाए।