मोदी कैबिनेट ने परिसीमन और 33% महिला आरक्षण संशोधन बिल को दी हरी झंडी; 2051 तक राज्यों का अनुपात रहेगा बरकरार, झारखंड में ST सीटों को लेकर बढ़ी हलचल
देश की सियासत में बड़े बदलाव की पटकथा तैयार हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक और महिला आरक्षण बिल 2026 में प्रस्तावित बदलावों को मंजूरी दे दी गई है। इस प्रस्ताव के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में 50 फीसदी तक वृद्धि का प्रावधान है, जिससे न केवल छत्तीसगढ़ परिसीमन सीट बढ़ोतरी के जरिए राज्य का राजनीतिक नक्शा बदलेगा, बल्कि झारखंड सहित देश के अन्य राज्यों में भी नए चेहरों के लिए राजनीति के दरवाजे खुलेंगे।

सरकार का लक्ष्य 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं के लिए 33 फीसदी आरक्षण लागू करना है। प्रस्तावित बदलावों में लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 (राज्यों के लिए 815 और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 35) करने के साथ-साथ राज्यों के बीच सीटों के मौजूदा अनुपात को वर्ष 2051 तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था की गई है।
छत्तीसगढ़ और झारखंड में सीटों का संभावित नया गणित:
छत्तीसगढ़ की राजनीति पर असर
छत्तीसगढ़ विधानसभा में वर्तमान में 90 सीटें (51 सामान्य, 10 अनुसूचित जाति और 29 अनुसूचित जनजाति) हैं, जो 50 फीसदी वृद्धि के फॉर्मूले के बाद बढ़कर 135 हो जाएंगी। इससे बड़े निर्वाचन क्षेत्रों को अलग प्रतिनिधित्व मिलेगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी। फैसले पर खुशी जताते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि मोदी सरकार महिलाओं को उनका अधिकार देने के लिए लगातार काम कर रही है और सीटों के बढ़ने से क्षेत्रों का विकास बेहतर तरीके से हो सकेगा।
झारखंड में ST सीटों की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा,
राज्य की राजनीति में चर्चा का केंद्र बन गई हैं:वर्ष 2007 के परिसीमन प्रस्ताव में झारखंड में अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित विधानसभा सीटें 28 से घटाकर 22 और लोकसभा सीटें 5 से घटाकर 4 करने की बात आई थी, जिसका भारी विरोध होने पर केंद्र को रोक लगानी पड़ी थी।अब यदि मौजूदा आरक्षण अनुपात बरकरार रखते हुए सीटों में 50% की वृद्धि होती है, तो झारखंड विधानसभा में ST आरक्षित सीटें बढ़कर 42 और लोकसभा में 7 या 8 हो सकती हैं।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट किया है कि झारखंड के हितों से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने शनिवार को झामुमो के सभी सांसदों और विधायकों की अहम बैठक बुलाकर इस मुद्दे पर रणनीति तय करने का निर्णय लिया है।
30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र:
केंद्रीय कैबिनेट की मुहर के बाद अब सरकार इस विधेयक को संसद के आगामी विशेष सत्र में पेश करने जा रही है। तय कार्यक्रम के अनुसार, लोकसभा की बैठक 30 नवंबर से और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर से शुरू होगी। गौरतलब है कि अप्रैल 2026 में दो-तिहाई विशेष बहुमत के अभाव में यह विधेयक पारित नहीं हो सका था, ऐसे में इस बार सरकार की कोशिश सभी दलों के साथ समन्वय बनाकर इसे पारित कराने की होगी।



