रायपुर: छत्तीसगढ़ परिवहन विभाग ने परिवहन उप निरीक्षक (Transport Sub Inspector – TSI) के पदों पर भर्ती प्रक्रिया को लेकर नियमों में बड़ा संशोधन किया है। विभाग द्वारा जारी नए राजपत्र नियमों के अनुसार अब कुल 74 स्वीकृत पदों को तीन अलग-अलग श्रेणियों में बांटकर भरा जाएगा। नए नियम तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं, जिससे राज्य के युवाओं के साथ-साथ विभाग में कार्यरत कर्मचारियों के लिए भी पदोन्नति और नियुक्ति के नए रास्ते खुल गए हैं।
संशोधित व्यवस्था के तहत कुल पदों में से 50 प्रतिशत पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इस सीधी भर्ती परीक्षा के आयोजन और चयन प्रक्रिया की पूरी जिम्मेदारी छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) को सौंपी गई है। खुली प्रतियोगिता के जरिए योग्य उम्मीदवारों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा, जिससे युवाओं को सीधे सब-इंस्पेक्टर बनने का मौका मिलेगा।
बाकी बचे 50 प्रतिशत पदों को विभागीय अमले से ही भरा जाएगा। इसमें से 35 प्रतिशत पद विभागीय पदोन्नति (प्रमोशन) के जरिए भरे जाएंगे। वहीं शेष 15 प्रतिशत पदों के लिए सीमित विभागीय प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस सीमित विभागीय परीक्षा में शामिल होने के लिए लिपिकीय (क्लर्क) संवर्ग के कर्मचारियों के पास न्यूनतम 10 वर्ष की नियमित सेवा का अनुभव होना अनिवार्य किया गया है।























