बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन ने अपने 35वें जन्मदिन पर फैंस को खास सरप्राइज दिया है। अभिनेता ने अपने नए प्रोडक्शन हाउस ‘डोपामाइन स्टूडियोज’ की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने निर्माता के तौर पर अपनी पहली फिल्म ‘कालिया’ (Kaaliya) का पोस्टर भी रिलीज किया है। इस मॉन्स्टर थ्रिलर फिल्म में कार्तिक खुद मुख्य भूमिका निभाते नजर आएंगे।
कार्तिक आर्यन ने लॉन्च किया प्रोडक्शन हाउस
कार्तिक आर्यन ने सोशल मीडिया पर फिल्म का पहला पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ‘श्री कृष्ण ने इसे दूर भेज दिया था। हम इंसान इसे वापस ले आए।’ फिल्म की यह झलक भारतीय लोककथाओं और पौराणिक कथाओं से प्रेरित एक रहस्यमयी और डरावनी दुनिया की ओर इशारा करती है।

‘कालिया’ की कहानी भारतीय सांस्कृतिक मान्यताओं और पीढ़ियों से चली आ रही राक्षसों से जुड़ी कथाओं पर आधारित होगी। फिल्म में थ्रिल, रहस्य और मॉन्स्टर की दुनिया को बड़े पर्दे पर एक नए अंदाज में दिखाने की तैयारी है।
करण जौहर के साथ मिलकर बनाएंगे फिल्म
‘कालिया’ को कार्तिक आर्यन के डोपामाइन स्टूडियोज और करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन संदीप मोदी करेंगे, जो ‘द नाइट मैनेजर’ और ‘आर्या’ जैसी वेब सीरीज के लिए पहचान बना चुके हैं। यह उनकी पहली हिंदी थिएटर फिल्म होगी।

कब रिलीज होगी कालिया?
कार्तिक आर्यन की मॉन्स्टर थ्रिलर ‘कालिया’ 5 मई 2028 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। नेशनल फिल्म अवॉर्ड जीतने के बाद कार्तिक की यह पहली बड़ी फिल्म घोषणा है। अभिनेता को 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ में मुरलीकांत पेटकर की भूमिका के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार मिला था।



