बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस धमकी के तार बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मुख्य आरोपी जीशान अख्तर से जुड़े हैं। मामले की जानकारी सामने आने के बाद मुंबई पुलिस जांच में जुट गई है।
जीशान अख्तर के नाम से मिली धमकी
समाचार एजेंसी आईएनएएस के मुताबिक, सैफ अली खान को बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में वांछित आरोपी जीशान अख्तर के नाम से धमकी मिली है। मुंबई पुलिस इस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी वास्तव में जीशान अख्तर की तरफ से दी गई है या किसी अन्य व्यक्ति ने उसके नाम का इस्तेमाल किया है।
इस घटना के बाद बॉलीवुड में सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। हाल के दिनों में कई फिल्मी सितारों को धमकी मिलने की घटनाएं सामने आई हैं।
तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी मिली थी धमकी
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, इससे पहले अभिनेता तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को भी धमकियां मिली थीं। उस मामले में पुलिस ने बेंगलुरु निवासी 30 वर्षीय वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया था।
आरोपी IIT ग्रेजुएट बताया गया था, जिसने कथित तौर पर धमकी देने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल किया था। पुलिस के अनुसार, उसका किसी गैंग से संबंध नहीं था।
फिलहाल सैफ अली खान को मिली धमकी के मामले में मुंबई पुलिस जांच कर रही है। धमकी देने वाले की पहचान और इसके पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा रहा है।



