जशपुरनगर, 13 अक्टूबर 2026 कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी विभागीय कार्य अनिवार्य रूप से ‘ई-ऑफिस’ प्रणाली के माध्यम से ही संचालित किए जाएं। विकासखंड स्तर पर भी इस व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से लागू कर नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य विभाग और राशन वितरण की समीक्षा
बैठक के दौरान कलेक्टर ने खाद्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए उचित मूल्य दुकानों में चावल के भंडारण और हितग्राहियों को हो रहे वितरण का जायजा लिया। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि सभी राशन कार्डधारियों को हर महीने तय समय-सीमा के भीतर अनिवार्य रूप से राशन का वितरण किया जाए। इसके अलावा सीएम हेल्पलाइन, मुख्यमंत्री घोषणाओं और कलेक्टर जनदर्शन के मामलों का प्राथमिकता के साथ समय पर निराकरण करने को कहा गया।
समय पर पूरे हों सभी स्वीकृत निर्माण कार्य
कलेक्टर ने जिले के विभिन्न विकासखंडों में चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कंवर समाज भवन, पुलिया, रंगमंच, सामुदायिक भवन, सीसी रोड और दोकड़ा में मिनी स्टेडियम के निर्माण कार्यों को समय-सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही दुलदुला और बंदरचुंआ में बस स्टैंड निर्माण तथा कुनकुरी में ऑडिटोरियम व सांस्कृतिक भवन निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
मनोरा महाविद्यालय निर्माण में देरी पर ठेका निरस्त करने के निर्देश
मनोरा विकासखंड में शासकीय महाविद्यालय का निर्माण कार्य अब तक शुरू न होने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) जशपुर के कार्यपालन अभियंता को संबंधित निर्माण एजेंसी का ठेका तुरंत निरस्त करने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कार्य में और अधिक विलंब न हो।
बिना सूचना अनुपस्थित सेतु विभाग के एसडीओ को नोटिस
समीक्षा बैठक के दौरान सेतु विभाग के एसडीओ बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिससे संबंधित विभाग के कार्यों की समीक्षा नहीं हो सकी। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने अनुपस्थित एसडीओ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक कुमार, अपर कलेक्टर, सभी एसडीएम, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।























