रांची-पटना मुख्य मार्ग पर रात 2 बजे हुआ हादसा, एक व्यक्ति घायल
रामगढ़ :-
झारखंड के रामगढ़ जिले में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कुजू ओपी थाना क्षेत्र के पैंकी के पास रांची-पटना मुख्य मार्ग पर रात करीब 2 बजे बिहार के नालंदा जिले से आ रही एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हुआ है। मृतकों में चार बच्चे और चार महिलाएं शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। सभी लोग बिहार के नालंदा जिले के बेन थाना क्षेत्र के जंघारो गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। वे रजरप्पा स्थित प्रसिद्ध मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना करने जा रहे थे। इसी दौरान पैंकी के पास हाईवे पर उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई।
रामगढ़ सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार के अनुसार हादसे में 13 लोगों की जान चली गई है और एक व्यक्ति घायल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
हादसे की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजन भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। परिवार के एक सदस्य ने बताया कि पूरा परिवार बिहार शरीफ से रजरप्पा मंदिर में पूजा करने के लिए निकला था। रास्ते में हाईवे पर एक दूसरी गाड़ी की टक्कर से यह हादसा हुआ। पुलिस और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के बाद परिवार को घटना की भयावहता का पता चला।
एक ही परिवार के कई सदस्यों की असमय मौत से बिहार के नालंदा जिले के जंघारो गांव में शोक की लहर है। हादसे ने एक धार्मिक यात्रा को मातम में बदल दिया।
दुर्घटना के सटीक कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन की भूमिका को लेकर पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।



