रांची: झारखंड में थैलेसीमिया, सिकल सेल एनीमिया और गंभीर एनीमिया से जूझ रहे हजारों मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने इन गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों के लिए सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ सूचीबद्ध निजी अस्पतालों (Empaneled Private Hospitals) में भी निःशुल्क ब्लड ट्रांसफ्यूजन (रक्त चढ़ाने) की सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है। यह लाभ आयुष्मान भारत योजना और ‘अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना’ के कार्डधारकों को निर्धारित पैकेज के तहत पूरी तरह मुफ्त दिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों को भुगतान के लिए बीमारियों और वार्डों के आधार पर विस्तृत पैकेज व दरें तय कर दी हैं।
नियमित रक्त चढ़ाने वाले परिवारों का आर्थिक बोझ होगा कम
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के अनुसार, जिन मरीजों को महीने में एक या दो बार नियमित रूप से खून चढ़ाने की आवश्यकता होती है, उनके परिवारों को अब निजी अस्पतालों के महंगे खर्च से मुक्ति मिलेगी। उन्होंने बताया कि सरकार थैलेसीमिया और सिकल सेल के मरीजों की स्क्रीनिंग और जांच का दायरा भी तेजी से बढ़ा रही है, ताकि शुरुआती चरण में ही बीमारी की पहचान कर पीड़ितों को त्वरित और बेहतर इलाज मुहैया कराया जा सके।
सिकल सेल और गंभीर एनीमिया के लिए तय पैकेज दरें
स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों में भर्ती और इलाज के लिए श्रेणीवार दरें निर्धारित की हैं, जिसका सीधा भुगतान सरकार अस्पतालों को करेगी:
-
रूटीन वार्ड पैकेज: सामान्य वार्ड में भर्ती कर रक्त चढ़ाने के लिए ₹2,100 प्रति मरीज तय किया गया है।
-
एचडीयू (HDU) पैकेज: हाई डिपेंडेंसी यूनिट में देखरेख के लिए ₹3,300 की दर तय है।
-
आईसीयू (बिना वेंटिलेटर): इंटेंसिव केयर यूनिट में बिना वेंटिलेटर के इलाज के लिए ₹8,500 निर्धारित है।
-
आईसीयू (वेंटिलेटर सहित): वेंटिलेटर सपोर्ट वाले आईसीयू पैकेज के लिए ₹9,000 की दर स्वीकृत की गई है। यही दरें गंभीर एनीमिया के मरीजों पर भी समान रूप से लागू होंगी।
थैलेसीमिया मरीजों को मुफ्त जांच और 15 दिनों की दवाएं
थैलेसीमिया से पीड़ित वयस्क व बाल मरीजों के लिए डे-केयर पैकेज में रक्त के साथ जरूरी डायग्नोस्टिक टेस्ट भी जोड़े गए हैं:
-
जांच और दवा की सुविधा: डे-केयर में पैक्ड रेड ब्लड सेल्स (PRBC) ट्रांसफ्यूजन के साथ सीबीसी (CBC), एलएफटी (LFT), केएफटी (KFT), यूरिन प्रोटीन और सीरम फेरिटिन जैसी अहम जांचें शामिल हैं। इसके अलावा मरीजों को 15 दिनों के लिए ‘आयरन चिलेशन’ (शरीर से अतिरिक्त आयरन निकालने वाली) दवाएं भी दी जाएंगी।
-
पैकेज की दर: इन सुविधाओं के लिए प्रति सिटिंग ₹2,300 से ₹3,200 तक की दरें तय की गई हैं।
-
बच्चों के लिए विशेष पैकेज: थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए ₹2,300 से ₹3,000 तक का विशेष पैकेज तय किया गया है, जिसमें बाल रोग विशेषज्ञों की देखरेख में सुरक्षित ब्लड ट्रांसफ्यूजन और सभी निर्धारित पैथोलॉजी टेस्ट शामिल रहेंगे।























