गुमला (झारखंड):
झारखंड के गुमला जिले में नाबालिगों की तस्करी का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। रोजगार दिलाने का झांसा देकर बिशुनपुर प्रखंड क्षेत्र की रहने वाली एक 15 वर्षीय किशोरी को कथित रूप से मानव तस्करी के जाल में फंसाया गया। आरोप है कि गांव की ही एक महिला किशोरी को काम दिलाने के बहाने पहले दिल्ली ले गई, जहां से उसे राजस्थान ले जाकर 20 हजार रुपये में 50 वर्षीय व्यक्ति को बेच दिया गया। इसके बाद एक बंद कमरे में किशोरी की जबरन शादी करा दी गई और उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया जाने लगा। किसी तरह आरोपी के चंगुल से भागकर अपने घर पहुंची पीड़िता ने परिजनों के साथ पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।
पीड़िता द्वारा पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार, इसी साल जुलाई माह में उसके ही गांव की जतरी उरांव नामक महिला ने उसे अच्छा काम और पैसे दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बाद वह उसे अपने साथ दिल्ली ले गई। दिल्ली पहुंचने पर किशोरी को सुनीता लोहरा नामक महिला के हवाले कर दिया गया। सुनीता ने कुछ दिनों तक किशोरी को एक कोठी में घरेलू काम पर रखवाया। इसके बाद वह धोखे से उसे राजस्थान ले गई, जहां 20 हजार रुपये लेकर 50 वर्षीय एक व्यक्ति से उसकी जबरन शादी करवा दी गई। किशोरी का आरोप है कि शादी के नाम पर कुछ मेहमानों को बुलाया गया था और एक बंद कमरे में रस्में पूरी कर मुंह दिखाई कराई गई थी।
घर में बंधक बनाकर रखता था आरोपी, दरवाजा खुला देख भागी
पीड़िता ने बताया कि तथाकथित शादी कराने के बाद सुनीता रुपये लेकर वहां से चली गई। इसके बाद चिकन की दुकान चलाने वाला वह 50 वर्षीय आरोपी किशोरी को घर में बंधक बनाकर रखने लगा। वह जब भी दुकान जाता, बाहर से ताला लगा देता था। आरोप है कि इस दौरान आरोपी किशोरी के साथ जबरदस्ती करता था और विरोध करने पर उसके साथ बुरी तरह मारपीट की जाती थी।
बीते दिनों आरोपी सामान्य समय से पहले घर लौट आया और थकान के कारण सो गया। इस दौरान वह घर का मुख्य दरवाजा बंद करना भूल गया। आरोपी को सोता देख किशोरी ने हिम्मत जुटाई और चुपचाप घर से भाग निकली। मुंह दिखाई की रस्म में मिले दो हजार रुपये का सहारा लेकर वह राजस्थान से किसी तरह ट्रेन पकड़कर पहले दिल्ली और फिर रांची पहुंची। रांची से वह अपने पैतृक गांव लौटी और परिजनों को आपबीती सुनाई।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन किशोरी को लेकर बिशुनपुर थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। बिशुनपुर थाना प्रभारी अर्जुन यादव ने बताया कि किशोरी की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच और तथ्यों की पुष्टि के बाद सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


