रायपुर 11 सितंबर 2026। भाजपा के ‘सेवा संकल्प’ अभियान को जनता की आँखो में धूल झोंकने के लिए आयोजित राजनैतिक इवेंट बताते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा जिस ‘सेवा संकल्प’ का प्रचार कर रही है, वह जमीनी स्तर पर ‘विश्वासघात संकल्प’ साबित हो चुका है। भाजपा का यह ‘सेवा संकल्प’ अभियान और कुछ नहीं, बल्कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की साय सरकार की घोर असफलताओं, बढ़ती महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी, कॉर्पोरेट परस्त नीतियों के चलते बढ़ती असमानता और जनता से किए वादाखिलाफी को छिपाने की एक असफल कोशिश है। जिस राज्य में किसान खाद-बीज के लिए तरस रहे हों, बिजली के दाम 2 साल में पांच पांच बार बढ़ा दिए गए, स्मार्ट मीटर लगाकर कई गुना वसूली हो रही है, जहाँ महतारी वंदन के नाम पर माताओं-बहनों को ठगा जा रहा हो, वहाँ ‘सेवा’ की बात करना छत्तीसगढ़ की जनता के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है।
छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा है कि मोदी का कार्यकाल गुजरात से लेकर मणिपुर तक के दंगों और लिंचिंग जैसी घटनाओं के लिए कुख्यात है, तीन कृषि काले कानून, उसके विरोध में किसान आंदोलन और 7 सौ से अधिक किसानों की शहादत, अचानक नोटबंदी और बिना तैयारी के जीएसटी लागू करके अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया, कोविड का मिश मैनेजमेंट, गंगा में तैरती लाशें, संवैधानिक संस्थानों और जांच एजेंसियों के दुरुपयोग पर पर्दा डालने का “प्रचार इवेंट” है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा को 2014 के संकल्पों का हिसाब देना चाहिए, कहा था 100 दिन में महंगाई कम होगा, हर साल 2 करोड़ रोजगार मिलेगा, हर घर तक नल, हर सिर पर छत, स्पेश टेक्नोलॉजी से सड़के, हवाई चप्पल वाले हवाई जहाज में सफर करेंगे, काला धन आयेगा, सभी को 15-15 लाख मिलेंगे, किसानों की आय दुगनी होगी, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश के अनुसार सी-2 फार्मूले पर एमएसपी तय होगा, 2014 में किए संकल्प 12 साल बाद भी पूरे नहीं हुए, उल्टे भुखमरी, गरीबी, बेकारी बढ़ गई, पूंजीपतियों के लाखों करोड़ के लोन राइट ऑफ किए गए, आस्था पर चोट, चढ़ावा चोरी, पेपर लीक, श्रमिकों के हित के 27 श्रम कानूनों को बिना सदन में चर्चा कराए खत्म किया, वन अधिकार अधिनियम को कमजोर किया, कमर्शियल माइनिंग करवाई, देश के संसाधन सार्वजनिक उपक्रमों को अपने पूंजीपति मित्रों को बेचना, ई-20 पेट्रोल जैसे मिलावट और मुनाफाखोरी ही मोदी की उपलब्धि है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मुख्य प्रवक्ता सुरेन्द्र वर्मा ने कहा है कि भाजपा ने छत्तीसगढ़ की जनता से विश्वासघात किया है, मोदी की गारंटी के नाम पर 500 में गैस देने, अनियमित कर्मचारियों को 100 दिन के भीतर नियमित नियमितीकरण का वादा था, 1 लाख नई सरकारी नौकरी, बिना भेदभाव के प्रत्येक विवाहित महिला को महतारी वंदन, प्रत्येक गांव में धान का 3100 रुपए एकमुश्त देने नगद भुगतान केंद्र खुलेगा, बेरोजगारी भत्ता मिलेगा, छात्रों के लिए फ्री परिवहन पास, 400 यूनिट तक बिजली बिल हॉफ, गौ सेवा संकल्प, आधे से अधिक कार्यकाल खत्म हो गया है लेकिन यह सरकार जवाबदेही से भाग रही है।























