जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के लिए 19 मई का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। संभाग मुख्यालय जगदलपुर में पहली बार मध्य क्षेत्रीय परिषद की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह करेंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ सहित मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होकर अंतर-राज्यीय समन्वय और विकास पर चर्चा करेंगे।
गृहमंत्री का दो दिवसीय प्रवास
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 18 मई की रात सीधे जगदलपुर पहुँचेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। अगले दिन यानी 19 मई को वे परिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे और शाम को दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। गौरतलब है कि मध्य क्षेत्रीय परिषद की पिछली बैठक उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित की गई थी।
नक्सलवाद के खात्मे के बाद पहली बड़ी बैठक
क्षेत्रीय जानकारों के अनुसार, बस्तर में नक्सलवाद के प्रभावी खात्मे के बाद यह पहली बड़ी उच्चस्तरीय बैठक होगी। इस बैठक का मुख्य एजेंडा चारों राज्यों के बीच सामाजिक-आर्थिक विकास, बुनियादी ढांचा (Infrastructure), सुरक्षा और आपसी अंतर-राज्यीय मुद्दों पर गहन चर्चा करना है।
तैयारियों ने पकड़ी रफ्तार
बैठक को लेकर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्य सचिव विकासशील ने सभी संबंधित विभागों से पिछली बैठक के मिनिट्स के आधार पर प्रदेश में किए गए कार्यों और लंबित मुद्दों की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है।

