रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। समारोह में भारी संख्या में नागरिक और सुरक्षा बल उपस्थित रहे। अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के रोजगार, शिक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
अग्निवीरों को पुलिस भर्ती में 10% सीधा आरक्षण
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य के युवाओं के हित में बड़ा फैसला लेते हुए घोषणा की कि सैन्य सेवा पूरी कर चुके अग्निवीरों को छत्तीसगढ़ पुलिस बल भर्ती में 10 प्रतिशत का सीधा आरक्षण दिया जाएगा। ‘अग्निपथ योजना’ के तहत सेवा पूरी करने वाले प्रदेश के युवाओं को इससे पुलिस विभाग में प्राथमिकता मिलेगी और उनका भविष्य सुरक्षित होगा।
जल्द शुरू होगी बड़े पैमाने पर शिक्षक भर्ती
प्रदेश के बेरोजगार युवाओं और शिक्षक पात्रता परीक्षा पास अभ्यर्थियों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि छत्तीसगढ़ में जल्द ही बड़े पैमाने पर शिक्षक भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पदों की संख्या और विस्तृत नियमावली संबंधित विभाग द्वारा शीघ्र जारी की जाएगी।
वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव की सराहना
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाने वाली छत्तीसगढ़ की प्रतिभावान भारोत्तोलक (वेटलिफ्टर) ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धियों की भी खुलकर सराहना की और उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

