जारी गांव से लेकर रामोजी फिल्म सिटी और मुंबई तक हुई है शूटिंग; देश और विदेश में एक साथ फिल्म रिलीज करने की तैयारी में जुटे निर्माता
1971 के भारत-पाक युद्ध के महानायक और झारखंड के गौरव परमवीर चक्र विजेता अलबर्ट एक्का के अदम्य साहस पर आधारित फिल्म ‘परमवीर : बैटल ऑफ गंगासागर’ अब बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है। मायरा प्रोडक्शन के बैनर तले निर्मित इस देशभक्ति फिल्म को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। निर्माताओं ने फिल्म के भव्य प्रचार-प्रसार और रिलीज की रूपरेखा तैयार कर ली है।
फिल्म के प्रमोशन की शुरुआत राजधानी रांची में पोस्टर लॉन्च के साथ की जाएगी, जिसके लिए झारखंड के मुख्यमंत्री से समय मांगा गया है। मायरा फिल्म्स के स्थानीय संयोजक वेटरन अनिरुद्ध सिंह के अनुसार, मुख्यमंत्री की स्वीकृति मिलते ही रांची के ऐतिहासिक सुजाता सिनेमा में आधिकारिक पोस्टर जारी किया जाएगा। इस विशेष कार्यक्रम के तुरंत बाद फिल्म की फाइनल रिलीज तारीख का एलान किया जाएगा।
झारखंड से मुंबई तक हुई दमदार शूटिंग:
इस ऐतिहासिक परमवीर अलबर्ट एक्का फिल्म को वास्तविक रूप देने के लिए निर्माताओं ने अलग-अलग लोकेशन पर कड़ी मेहनत की है:
पिछले वर्ष परमवीर अलबर्ट एक्का के पैतृक गांव ‘जारी’ (गुमला, झारखंड) में करीब एक सप्ताह तक फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्यों को फिल्माया गया।इसके बाद लगभग चार महीने तक हैदराबाद की प्रसिद्ध रामोजी फिल्म सिटी और मुंबई के विभिन्न स्टूडियो में युद्ध के दृश्य और अन्य हिस्से शूट किए गए।फिल्म के पहले ही दो-तीन पोस्टर और एक टीजर वीडियो जारी हो चुके हैं, जिसमें ‘हम खतरनाक बनेंगे’ का जोशिला नारा फिल्म की सबसे बड़ी खासियत (USP) बनकर उभरा है।
झारखंड फिल्म शूटिंग और स्थानीय कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिल्म के निर्माता-निर्देशक सागर गौड़ा और सुमंत रतूड़ी ने हाल ही में गोवा फिल्म महोत्सव में भी सक्रियता दिखाई। उन्होंने वहां झारखंड के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग तथा झारखंड फिल्म निर्माण निगम लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्य की इस गौरवशाली गाथा के प्रचार-प्रसार और रिलीज में सरकारी सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।
पोस्टर लॉन्च और सरकारी स्तर पर सहयोग मिलने के बाद ‘परमवीर : बैटल ऑफ गंगासागर’ को भारत के साथ-साथ विदेशों में भी एक साथ रिलीज करने की योजना है। यह फिल्म न केवल नई पीढ़ी को 1971 के गंगासागर युद्ध में अलबर्ट एक्का के सर्वोच्च बलिदान से रूबरू कराएगी, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की वीरता का मान भी बढ़ाएगी।



