कुनकुरी:- बच्चे सभी क्षेत्रों में कुशल बनें इस थीम पर प्राथमिक विद्यालय डीपाटोली कुनकुरी निरंतर प्रगति पथ पर अग्रसर है। प्रधान पाठक, सहायक शिक्षक, शाला समिति एवं इको क्लब ने मिलकर विद्यालय एवं बच्चों के समग्र विकास हेतु कार्ययोजना तैयार किया है तथा इस कार्ययोजना पर विगत 3 वर्षों से निरंतर कार्य किया रहा है, इसी का परिणाम है कि विद्यालय सुंदर, स्वच्छ एवं हरित बन गया है जो शैक्षणिक वातावरण के लिए आवश्यक है। विद्यालय के प्रधान पाठक लव कुमार गुप्ता ने बताया कि विद्यालय हरित, सुंदर और स्वच्छ बनें इसके लिए हमने समुदाय के साथ मिलकर 120 से अधिक औषधीय, फलदार एवं फूल वाले पौधों का रोपण किया है जिसका देखभाल शिक्षकों, स्वीपर, रसोईया के साथ – साथ इको क्लब के बच्चों के द्वारा किया जाता है,वर्तमान में सभी पौधे बड़े हो चुके हैं और विद्यालय पूरी तरह से आकर्षक एवं हरित बन गया है तथा विद्यालय में लगे पपीता पेड़ का फल बच्चों के लिए मिलता रहता है।
*पोषण वाटिका से बच्चे सीख रहे हैं कौशल एवं विभिन्न फसलों का हो रहा है उत्पादन*
स्कूली बच्चों को मिड डे मिल में अच्छा आहार मिले इस हेतु प्रधान पाठक के मार्गदर्शन में शिक्षक,रसोईया, स्वीपर एवं इको क्लब के बच्चे मिलकर प्रत्येक मौसम में पोषण वाटिका करते है, बच्चे पोषण वाटिका के माध्यम से जैविक एवं आत्मनिर्भर खेती,जिम्मेदारी एवं टीम वर्क, स्वस्थ आहार में हरी सब्जियों एवं फलों के महत्व के बारे में भी सीखते हैं, इस वर्ष आलू के फसल के पश्चात रबी सीजन में प्याज की खेती की गई थी, जिसके पत्तों का उपयोग सब्जियों के रूप में किया गया तथा 50 किलोग्राम प्याज का उत्पादन हुआ है जिसका उपयोग मिड डे मिल में किया जाएगा।
पोषण वाटिका प्रभारी शिक्षक महेश तिर्की प्रत्येक शनिवार बच्चों को खेती के गुर, फसलों में होने वाली बीमारियों एवं कृषि से होने वाली आमदनी की जानकारी देते हैं ताकि बच्चे बेहतर रुप से कृषि कार्य को समझकर भविष्य में व्यवसायिक रूप से समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बन सकें।

