रायपुर: भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) कार्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में कार्यालय प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), रायपुर द्वारा कल 17 नवंबर से 01 दिसंबर 2026 तक वार्षिक ‘ऑडिट पखवाड़े’ का आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष पखवाड़े के अंतर्गत राज्य शासन के विभिन्न विभागों और महालेखाकार कार्यालय के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा छत्तीसगढ़ के शासकीय लेखों की गुणवत्ता को और अधिक उत्कृष्ट बनाने के उद्देश्य से 26 नवंबर को एक राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण कार्यशाला का उद्घाटन प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है।
26 नवंबर को महालेखाकार आवासीय परिसर में जुटेंगे वित्त और कोषालय अधिकारी ऑडिट पखवाड़े के तहत आयोजित होने वाली यह कार्यशाला 26 नवंबर को सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक महालेखाकार आवासीय परिसर, रायपुर स्थित सामुदायिक भवन में संपन्न होगी। कार्यशाला में वित्तीय एवं लेखा प्रबंधन से जुड़े राज्य के प्रमुख अधिकारियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है, जिनमें शामिल हैं:-
छत्तीसगढ़ शासन के समस्त बजट नियंत्रण अधिकारी
-
सभी जिलों के जिला कोषालय अधिकारी
-
इंद्रावती कोषालय, नवा रायपुर के समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारी (DDO)
-
जिला कोषालय रायपुर के चयनित आहरण एवं संवितरण अधिकारी
20 नवंबर तक मांगी गई अधिकारियों की सूची, वित्तीय अनुशासन पर रहेगा जोर कार्यालय प्रधान महालेखाकार (लेखा एवं हकदारी), रायपुर द्वारा राज्य शासन के समस्त बजट नियंत्रण अधिकारियों को पत्र जारी कर कार्यशाला में अनिवार्य सहभागिता का अनुरोध किया गया है। आयोजन की बैठक व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए सभी संबंधित विभागों से शामिल होने वाले अधिकारियों के नाम एवं पदनाम की जानकारी 20 नवंबर 2026 तक कार्यालय के आधिकारिक ई-मेल agaechhattisgarh@cag.gov.in पर भेजने को कहा गया है।
इस राज्य स्तरीय कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की वित्तीय एवं लेखा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा अधिकारियों के बीच विचार-विमर्श और अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। यह पहल राज्य की वित्तीय प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, वित्तीय अनुशासन को मजबूत करने और शासकीय लेखों की विश्वसनीयता बढ़ाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।



