नई दिल्ली: देश में बढ़ती महंगाई ने एक बार फिर आम लोगों की रसोई से लेकर पूरे घरेलू बजट को झकझोर कर रख दिया है। खाने-पीने की रोजमर्रा की वस्तुओं—चावल, दाल, सब्जियां, खाद्य तेल, मसाले और दूध के साथ-साथ हवाई यात्रा, आभूषण, मोबाइल और कपड़ों तक पर महंगाई की चौतरफा मार पड़ी है। अक्टूबर महीने में खुदरा (रिटेल) महंगाई दर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई है, जो भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की 6 फीसदी की अधिकतम सहनशील सीमा से ऊपर है। नई आधार श्रृंखला (न्यू बेस सीरीज) में पहली बार महंगाई इस स्तर पर पहुंची है, जिसमें खाद्य महंगाई दर 8.9 प्रतिशत दर्ज की गई है।
थोक महंगाई दर भी 12.29% पर पहुंची, ईंधन और बिजली की कीमतों में 32.84% का उछाल सोमवार को वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, खुदरा के साथ-साथ थोक महंगाई (WPI) ने भी चिंता बढ़ा दी है। अक्टूबर 2026 में थोक महंगाई दर सालाना आधार पर बढ़कर 12.29 प्रतिशत हो गई, जो सितंबर 2026 में 11.39 प्रतिशत थी। इसका मुख्य कारण ईंधन और बिजली की कीमतों में सालाना आधार पर आया 32.84 प्रतिशत का भारी उछाल है। अक्टूबर में सभी वस्तुओं का थोक मूल्य सूचकांक बढ़कर 113.3 हो गया (सितंबर में 112.5 था)। प्राथमिक वस्तुओं में थोक महंगाई 9.24% (सितंबर में 8.67%) और विनिर्मित वस्तुओं में 9.54% दर्ज की गई है।
रसोई का जायका हुआ महंगा: प्याज 116%, लहसुन 60% और रिफाइंड तेल 16% उछला पिछले एक साल के भीतर खाद्य पदार्थों की कीमतों में जबरदस्त तेजी आई है, जिसका सीधा असर गृहस्थी पर पड़ा है:
-
सब्जियां और मसाले: प्याज की कीमत में 116%, लहसुन में 60% और अदरक में 48% की भारी तेजी आई है। मसालों में लाल मिर्च 23%, धनिया 22% और हल्दी 8% महंगी हुई है।
-
अनाज और दालें: चावल पिछले साल की तुलना में 12.5%, मिलेट्स 38% और ज्वार 18.7% महंगा हुआ है। वहीं अरहर दाल 15%, उड़द 11.6% और चना दाल 7.4% महंगी हुई है।
-
खाद्य तेल और फल: रिफाइंड तेल 16%, मूंगफली तेल 16.5% और सरसों तेल 9.8% महंगा हुआ है। फलों में नींबू 48%, लीची 17%, अमरूद 15% और केला 11% महंगा हुआ है।
-
नॉन-वेज: हालांकि अक्टूबर में चिकन 11.3% और अंडे 8.3% सस्ते हुए हैं, लेकिन इनकी कीमतें अब भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं, जबकि मछली 8.5% महंगी हुई है।
एक साल में कितनी बदली जरूरी सामानों की औसत खुदरा कीमतें (₹ प्रति किग्रा/लीटर)
हवाई सफर से लेकर जूलरी और मोबाइल तक हुए महंगे (अक्टूबर में सालाना महंगाई दर) महंगाई केवल किचन तक सीमित नहीं है, बल्कि लाइफस्टाइल और अन्य जरूरी क्षेत्रों में भी कीमतें तेजी से बढ़ी हैं:
-
हवाई किराया: 43.2%
-
आभूषण और घड़ियां: 28%
-
रेस्तरां और कैफे: 10.1%
-
मोबाइल हैंडसेट: 8.7%
-
घरेलू फर्नीचर: 7.1%
-
रसोई के उपकरण: 5.85%
-
कपड़े: 5.32%
भारत में 10 साल में टीबी से होने वाली मौतों में 38% की गिरावट, WHO की रिपोर्ट में खुलासा
सर्वे में खुलासा: 61% परिवारों का खर्च 20% से ज्यादा बढ़ा, कटौती करने को मजबूर लोग
बढ़ती कीमतों के बीच ‘लोकल सर्कल्स’ के एक ताजा सर्वे ने भारतीय परिवारों की आर्थिक स्थिति की गंभीर तस्वीर पेश की है। सर्वे के अनुसार, 61 फीसदी उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले 12 महीनों की तुलना में अब उनका घरेलू आवश्यक वस्तुओं पर मासिक खर्च 20 फीसदी से अधिक बढ़ गया है। महंगाई के इस दबाव से निपटने के लिए 74 फीसदी लोगों ने अपने गैर-जरूरी खर्चों में पूरी तरह कटौती कर दी है, जबकि 50 फीसदी परिवार जरूरी सामान भी पहले के मुकाबले कम मात्रा में खरीदने को मजबूर हैं।



