क्राइम डेस्क: जबलपुर के नसीमाबाग स्थित चार खंभा इलाके में रविवार देर रात करीब एक बजे आपसी रंजिश में एक 17 वर्षीय किशोर की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इलाके के ही पांच लड़कों ने किशोर को रास्ते में घेरकर पहले उसके सिर पर पत्थर से हमला किया और फिर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। मृतक की पहचान नौसाद अली (17) के रूप में हुई है, जो अपने चाचा के साथ वेल्डिंग की दुकान में काम करता था। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
देर रात बाजार से घर लौटते समय रास्ते में घेरकर किया हमला पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नौसाद अली रविवार देर रात बाजार से अपने घर की ओर लौट रहा था। वह जैसे ही नसीमाबाग के चार खंभा क्षेत्र के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे इलाके के ही पांच लड़कों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया: आरोपियों ने सबसे पहले नौसाद के सिर पर भारी पत्थर से जोरदार वार किया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा।
इसके बाद हमलावरों ने उस पर चाकू से कई वार किए और उसे गंभीर हालत में वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल नौसाद को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोमवार को मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
एक महीने पहले चोरी पकड़ने पर मारा था थप्पड़, उसी का लिया बदला मृतक के चाचा नासिर अली ने हत्या के पीछे की वजह बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं: करीब एक महीने पहले हनुमानताल इलाके में आरोपियों में से एक लड़का चोरी कर रहा था, जिसे नौसाद ने रंगे हाथों पकड़ लिया था और उसे थप्पड़ मार दिया था।
इसी बात को लेकर आरोपी नौसाद से रंजिश रखने लगा था। चाचा का आरोप है कि उसी थप्पड़ का बदला लेने की नीयत से रविवार रात नौसाद को अकेला पाकर पांचों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। परिजनों का कहना है कि नौसाद का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने एक चोर को पकड़ा था। परिजनों के मुताबिक, आरोपी युवकों के कई फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर भी अपलोड हैं।
आरोपियों की तस्वीरें आईं सामने, गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी थाना प्रभारी सुभाषचंद्र बघेल ने बताया कि मृतक के चाचा नासिर अली के बयान के आधार पर पांच नामजद लड़कों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। घटना में शामिल आरोपियों की तस्वीरें पुलिस के हाथ लग चुकी हैं। संदिग्ध ठिकानों पर पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



