बालोद (छ.ग.):
चक्रवाती तूफान के संभावित प्रभाव और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कार्यालय कलेक्टर, जिला बालोद द्वारा इस संबंध में एक सख्त आदेश जारी किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, क्षेत्र में दिनांक 27 अक्टूबर 2026 से 29 अक्टूबर 2026 तक भारी से अति भारी बारिश होने तथा तेज हवाएं चलने की प्रबल संभावना है। आम नागरिकों की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार दिनांक 27.10.2026 से 30.10.2026 तक सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।
इस अवधि के दौरान बिना कलेक्टर महोदय की पूर्व अनुमति के कोई भी कर्मचारी मुख्यालय नहीं छोड़ेगा। अति आवश्यक कार्य होने की स्थिति में ही उच्चाधिकारियों की अनुमति लेना अनिवार्य किया गया है।
अपर कलेक्टर द्वारा जारी इस ज्ञापन में सभी विभाग प्रमुखों को इन आदेशों का प्राथमिकता के आधार पर कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
आपदा प्रबंधन और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने सभी संभागियों, तहसीलदारों और कार्यालयीन अमले को पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए हैं।



