भुवनेश्वर:
बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र तेजी से चक्रवाती तूफान में तब्दील हो रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, यह संभावित चक्रवात 28 अक्तूबर की सुबह तक उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय क्षेत्रों के बीच कहीं टकरा सकता है। खतरे की गंभीरता को देखते हुए ओडिशा सरकार ने ‘जीरो कैजुअल्टी’ (शून्य जनहानि) के लक्ष्य के साथ युद्धस्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
26 अक्तूबर तक चक्रवात का रूप लेगा सिस्टम
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र के मुताबिक, शनिवार को यह कम दबाव का क्षेत्र डिप्रेशन और 25 अक्तूबर तक डीप डिप्रेशन में बदलेगा। इसके बाद 26 अक्तूबर की सुबह तक इसके विकराल रूप लेकर चक्रवाती तूफान बनने का अनुमान है। यह प्रणाली पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 28 अक्तूबर की सुबह तट के करीब पहुंचेगी।
ओडिशा में 4 जिलों के कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द
आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने बताया कि संभावित खतरे के मद्देनजर गंजाम, गजपति, पुरी और खुर्दा जिलों के सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। राज्य के सभी 30 जिलों को अलर्ट जारी किया गया है, जिनमें से 16 तटीय व दक्षिणी जिलों के कलेक्टरों को विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
अब शिक्षा विभाग में ऑफलाइन अवकाश पूरी तरह प्रतिबंधित, HRMIS पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन करना हुआ अनिवार्य
प्रशासनिक कदम व एहतियाती निर्देश:
-
स्कूल-कॉलेजों पर फैसला: जिला कलेक्टरों को स्थानीय मौसम और परिस्थितियों के आधार पर स्कूल-कॉलेज बंद करने का निर्णय लेने का अधिकार दिया गया है।
-
पंडालों के ढांचे हटाने का आदेश: कटक समेत अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में दुर्गा पूजा के लिए लगाए गए बांस के ऊंचे सजावटी ढांचों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि तेज हवाओं में हादसों से बचा जा सके।
-
मछुआरों की वापसी: गहरे समुद्र में गए मछुआरों और बड़े ट्रॉलरों को तत्काल तट पर लौटने की चेतावनी दी गई है।
-
रेस्क्यू टीमें तैनात: एनडीआरएफ (NDRF), ओड्राफ (ODRAF) और दमकल विभाग की टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सुरक्षित निकासी कराई जा सके।
इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
पुरी, गंजाम और गजपति जिलों में अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। इसके अलावा भद्रक, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, मयूरभंज, बालासोर, क्योंझर, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरी और कालाहांडी जिलों में भी भारी वर्षा का अलर्ट जारी कर स्थानीय प्रशासन को मुस्तैद रहने को कहा गया है।


