राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने राजपत्र में ‘अर्जी-लेखक नियम 2026’ प्रकाशित किया; पहली बार एक साल के लिए मिलेगा लाइसेंस, गलतियों या मनमानी पर रद्द होगा परमिशन।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के तहसील कार्यालयों, कलेक्ट्रेट और अन्य राजस्व दफ्तरों के बाहर लोगों की अर्जी (आवेदन-पत्र) लिखकर जीविकोपार्जन करने वालों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने करीब 66 साल पुराने नियमों को बदलते हुए अर्जी-लेखकों (Petition Writers) के लाइसेंस, फीस और उनके कामकाज को लेकर एक नई व सख्त व्यवस्था लागू कर दी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा Chhattisgarh Petition Writer Rules 2026 को राजपत्र (Gazette) में प्रकाशित कर दिया गया है। इसके साथ ही नए नियम तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।
कलेक्टर से लेना होगा लाइसेंस, संख्या भी होगी तय
नए नियमों के अनुसार, अब तहसीलों और राजस्व कार्यालयों में अर्जी लिखने के लिए कलेक्टर से लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। कलेक्टर ही जिले में अर्जी-लेखकों की अधिकतम संख्या निर्धारित करेंगे और उस तय सीमा से अधिक लाइसेंस जारी नहीं किए जा सकेंगे। आवेदन करने वाले की न्यूनतम उम्र 21 वर्ष होनी चाहिए और उसका चरित्र अच्छा होना चाहिए। कोई भी सरकारी कर्मचारी या किसी वकील के अधीन काम करने वाला व्यक्ति इस लाइसेंस के लिए पात्र नहीं होगा। हालांकि, 1960 के नियमों के तहत पहले से लाइसेंस पा चुके लोगों को इस नई व्यवस्था में भी वैध माना जाएगा।

पहली बार केवल 1 साल के लिए मिलेगा लाइसेंस
अर्जी-लेखकों की कार्यक्षमता और गुणवत्ता परखने के लिए नई व्यवस्था में कड़े मापदंड तय किए गए हैं। पहली बार में लाइसेंस केवल एक वर्ष के लिए जारी किया जाएगा। साल पूरा होने पर लेखक की सुपाठ्य लिखावट, भू-राजस्व संहिता, राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) और न्यायालय शुल्क अधिनियम, 1870 की समझ व ज्ञान का परीक्षण किया जाएगा। काम संतोषजनक पाए जाने पर ही इसे स्थायी किया जाएगा। यदि प्रदर्शन ठीक नहीं रहा, तो परखने की अवधि एक साल और बढ़ाई जा सकती है। इसके बाद भी कसौटी पर खरा न उतरने पर लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा।
पांच रुपये प्रति पृष्ठ फीस, मुहर और रजिस्टर नंबर अनिवार्य
सबसे बड़ी राहत आम जनता के लिए है। अब अर्जी-लेखक अपनी मर्जी से पैसे नहीं वसूल पाएंगे, क्योंकि शासन ने अर्जी लेखन फीस अधिकतम 5 रुपये प्रति पृष्ठ (पेज) निर्धारित कर दी है। अर्जी-लेखक को मिलने वाली रकम को अर्जी और अपने आधिकारिक रजिस्टर में दर्ज करना होगा तथा आवेदक को इसकी पक्की रसीद (पावती) देनी होगी। हर अर्जी पर लेखक की अपनी मुहर, रजिस्टर का क्रमांक और ली गई फीस का विवरण दर्ज करना अनिवार्य होगा।
अपनी मर्जी से कानून या अदालती फैसलों का हवाला देने पर रोक अर्जी-लेखक अब अर्जी में अपनी तरफ से कानून की किताबों या अदालती फैसलों (लॉ रिपोर्ट्स) का उल्लेख नहीं कर सकेंगे। उन्हें केवल अर्जीदार (आवेदक) द्वारा बताए गए तथ्यों और उसके वास्तविक उद्देश्य तक ही अपनी लिखावट को सीमित रखना होगा। अदालती शुल्क (कोर्ट फीस) का ब्योरा कागज के बाएं कोने पर दर्ज करना होगा।
अतिरिक्त वसूली या गलती पर होगी कार्रवाई
यदि कोई अर्जी-लेखक तय फीस से ज्यादा पैसे लेता है, तो शिकायत मिलने पर राजस्व अधिकारी उसे सुनवाई का अवसर देकर अतिरिक्त ली गई राशि वापस करने का आदेश दे सकते हैं। यदि अर्जी अस्पष्ट, बहुत लंबी या झूठे दावों पर आधारित पाई जाती है, तो लेखक को बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के उसे दोबारा लिखना होगा। नियमों की अनदेखी, लापरवाही या बार-बार गलती करने की स्थिति में कलेक्टर के पास संबंधित अर्जी-लेखक का लाइसेंस निलंबित या निरस्त करने का पूरा अधिकार होगा।



