बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर एक बार फिर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं का गवाह बनने जा रहा है। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता वर्ष 2026-27 का चार दिवसीय आयोजन 7 से 10 अक्टूबर 2026 तक बिलासपुर में होगा।
प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ 7 अक्टूबर को सुबह 10:30 बजे स्व. बी.आर. यादव राज्य खेल प्रशिक्षण केन्द्र, बहतराई में होगा। समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री अरुण साव होंगे।
पांचों संभागों से पहुंचेंगे खिलाड़ी
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के बिलासपुर, सरगुजा, रायपुर, बस्तर और दुर्ग संभाग से कुल 571 खिलाड़ी एवं ऑफिशियल्स हिस्सा लेंगे। इनमें 303 छात्र खिलाड़ी, 193 छात्रा खिलाड़ी और 75 ऑफिशियल्स शामिल हैं।
संभागवार देखें तो बस्तर से 131, बिलासपुर से 116, रायपुर से 113, सरगुजा से 109 और दुर्ग से 102 प्रतिभागी प्रतियोगिता में शामिल होंगे।
तीन प्रमुख खेलों में होगा मुकाबला
चार दिवसीय प्रतियोगिता में तीरंदाजी, हॉकी और कबड्डी के रोमांचक मुकाबले होंगे। तीरंदाजी में 14, 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। वहीं 19 वर्ष बालक-बालिका हॉकी तथा 19 वर्ष बालक कबड्डी के मुकाबले भी आयोजित किए जाएंगे।
सभी मुकाबले बहतराई खेल परिसर में होंगे। कबड्डी के मुकाबले इंडोर स्टेडियम, तीरंदाजी के मुकाबले तीरंदाजी मैदान और हॉकी के मुकाबले एस्ट्रोटर्फ मैदान में खेले जाएंगे।
खिलाड़ियों के ठहरने से लेकर परिवहन तक तैयारी पूरी
प्रतियोगिता को लेकर जिला शिक्षा विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स के लिए ठहरने, भोजन एवं परिवहन की व्यवस्था की गई है। आवास की व्यवस्था बहतराई खेल परिसर एवं लोयला स्कूल, राजकिशोर नगर में की गई है।
उद्घाटन में जुटेंगे कई दिग्गज
उद्घाटन समारोह में बिलासपुर विधायक एवं पूर्व मंत्री अमर अग्रवाल, बिल्हा विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, छत्तीसगढ़ पाठ्य पुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहेंगे।
स्कूल शिक्षा विभाग बिलासपुर ने जिले के खेल प्रेमियों और नागरिकों से प्रतियोगिता में पहुंचकर प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।























