छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के नाम पर लोगों से पैसे मांगने का एक गंभीर मामला सामने आया है। मंत्री के साथ-साथ उनके ओएसडी (OSD) ओम प्रकाश राजवाड़े का WhatsApp अकाउंट भी हैक होने की बात सामने आई है। हैकर्स द्वारा यूपीआई (UPI) ब्लॉक होने का हवाला देकर अर्जेंट पेमेंट के नाम पर 32 हजार रुपये की मांग की जा रही है।
ठगों द्वारा लोगों को मैसेज भेजकर यह दावा किया जा रहा है कि उनका यूपीआई ब्लॉक हो गया है और उन्हें तुरंत 32 हजार रुपये की आवश्यकता है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के अलावा उनके ओएसडी ओम प्रकाश राजवाड़े का भी व्हाट्सएप अकाउंट हैक किए जाने की सूचना है, जिससे मामला और अधिक गंभीर हो गया है। इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बयान जारी किया है कि उन्हें अकाउंट हैक होने की जानकारी मिली है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि उनके नाम से भेजे जा रहे किसी भी क्यूआर कोड (QR Code) पर पैसे ट्रांसफर न करें और ऐसे संदेशों के झांसे में न आएं। इस ठगी के प्रयास की शिकायत साइबर सेल में दर्ज करा दी गई है। पुलिस वायरल मैसेज, वीडियो और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
साइबर सुरक्षा को लेकर विशेष सलाह:
प्रशासन और साइबर विशेषज्ञों की ओर से नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। यदि किसी परिचित, जनप्रतिनिधि या अधिकारी के नाम से व्हाट्सएप पर पैसों की मांग करने वाला कोई भी संदेश मिले, तो बिना फोन कॉल या अन्य माध्यम से पुष्टि किए बिना पैसे ट्रांसफर न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने और अपनी बैंकिंग गोपनीय जानकारी साझा करने से पूरी तरह बचें।


