रायपुर: माना थाना क्षेत्र अंतर्गत रायपुर एयरपोर्ट के पीछे एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। विवाहिता राजकुमारी साहू पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के आरोप में पुलिस ने उसके प्रेमी वीरू धीवर (26) को गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर रूप से झुलसी महिला की इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
शादी में अड़चन और बातचीत पर शक बनी वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका राजकुमारी साहू (निवासी समोदा, ससुराल मोखला आरंग) और वीरू धीवर के बीच पिछले 5 वर्षों से प्रेम संबंध थे। राजकुमारी दो बच्चों की मां थी।आरोपी वीरू उससे शादी करना चाहता था, लेकिन राजकुमारी की ओर से इसमें अड़चनें आ रही थीं।इसके अलावा, राजकुमारी का अन्य लोगों से बातचीत करना भी वीरू को नागवार गुजरता था।इसी रंजिश और शक के चलते उसने महिला को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
लोकेशन छिपाने मोबाइल घर पर छोड़ा, डिक्की में रखा था पेट्रोल
वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी ने पूरी प्लानिंग की थी:पुलिस की सर्विलांस से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर घर पर ही छोड़ दिया। पेट्रोल पंप से बोतल में पेट्रोल खरीदकर अपनी गाड़ी की डिक्की में रख लिया।वह राजकुमारी को बहला-फुसलाकर माना एयरपोर्ट के पीछे बरोदा गांव की ओर जाने वाले एक निर्माणाधीन सूनसान रास्ते पर ले गया।
बहस के बाद पेट्रोल डालकर लगाई आग, चीखते हुए भागी महिला
सुनसान रास्ते पर बातचीत के दौरान दोनों के बीच पुरानी बातों को लेकर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर वीरू ने डिक्की से पेट्रोल की बोतल निकाली, राजकुमारी पर उड़ेला और माचिस लगाकर आग के हवाले कर दिया।आग की लपटों में घिरी महिला जान बचाने के लिए चीखते हुए सड़क पर भागने लगी, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। एयरपोर्ट के एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) टावर पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने आग की लपटों में घिरी महिला को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
2021 में मृतका की सास पर भी कर चुका था जानलेवा हमला
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी वीरू धीवर का आपराधिक इतिहास रहा है। प्रेम प्रसंग के इसी विवाद के चलते वर्ष 2021 में उसने राजकुमारी की सास पर जानलेवा हमला किया था। इस मामले में पुलिस ने उसे हत्या के प्रयास के तहत गिरफ्तार कर जेल भेजा था। जेल से छूटने के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा, जिसका अंत इस खौफनाक वारदात के रूप में हुआ। माना थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।























