बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने मुंबई के बांद्रा वेस्ट स्थित शिव-अस्थान हाइट्स में अपना एक और अपार्टमेंट ₹3.50 करोड़ में बेच दिया है। 758 वर्ग फुट का यह फ्लैट उन्होंने वर्ष 2015 में ₹2.88 करोड़ में खरीदा था। करीब 11 साल बाद हुई इस डील से उन्हें लगभग ₹62 लाख का लाभ हुआ। इससे पहले जुलाई 2025 में भी सलमान ने इसी इमारत में स्थित एक अन्य फ्लैट ₹5.35 करोड़ में बेचा था।
- बांद्रा में बनेगी खान परिवार की नई रिहायशी बिल्डिंग
फ्लैट बेचने के बाद कई लोगों के मन में सवाल है कि आखिर सलमान खान का अगला प्लान क्या है? दरअसल, अभिनेता बांद्रा छोड़ नहीं रहे हैं। वह अब भी अपने परिवार के साथ गैलेक्सी अपार्टमेंट में रहते हैं। हाल ही में खान परिवार को बांद्रा के चिम्बई इलाके में ग्राउंड + स्टिल्ट + 6 मंजिला नई रिहायशी इमारत बनाने की मंजूरी मिल चुकी है। यह प्लॉट गैलेक्सी अपार्टमेंट से कुछ ही दूरी पर स्थित है। माना जा रहा है कि खान परिवार भविष्य में इसी नए प्रोजेक्ट पर फोकस कर रहा है, जबकि पुराने निवेश वाले फ्लैटों की बिक्री की जा रही है। परियोजना के निर्माण के दौरान पर्यावरण संरक्षण का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा और किसी भी पेड़ को नहीं काटा जाएगा।

