रायपुर: राष्ट्रीय राजमार्ग-130 के कटघोरा-अंबिकापुर खंड पर सड़क दुर्घटना के दौरान लापरवाही बरतने और राहत कार्य में देरी करने पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने कड़ी कार्रवाई की है। एनएचएआई ने संबंधित निर्माण एवं प्रबंधन एजेंसी मेसर्स रविंद्र सिंह पर 10 लाख रुपए की पेनाल्टी लगाई है।
क्या था पूरा मामला?
गत 12 अक्टूबर की सुबह करीब 3 बजे चोटिया टोल प्लाजा के पास दो ट्रक-ट्रेलरों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई थी। दुर्घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को समय पर हटाने और मार्ग बहाल करने में भारी देरी की गई, जिससे लंबा जाम लग गया और यातायात बाधित रहा।
घटना के दौरान एजेंसी का परियोजना प्रबंधक मौके से नदारद पाया गया।
-
- क्रेन ऑपरेटर की अनुपस्थिति और रिकवरी उपकरणों में पर्याप्त ईंधन न होने के कारण राहत कार्य समय पर शुरू नहीं हो सका।
- यात्रियों द्वारा 1033 हेल्पलाइन पर बार-बार सूचना देने के बावजूद त्वरित सहायता नहीं पहुंचाई गई।
एनएचएआई अधिकारियों ने इसे हाईवे पेट्रोलिंग और दुर्घटना प्रबंधन के तय मानकों का गंभीर उल्लंघन माना है, जिसके तहत यह वित्तीय दंड लगाया गया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


