जशपुर। जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र से एक बेहद हैरान और विचलित करने वाली खबर सामने आई है। यहाँ धुमाडांड गांव की रहने वाली एक 22 वर्षीय युवती नीलिमा ने कुनकुरी थाने के ठीक सामने स्थित मोबाइल टावर पर चढ़कर फांसी लगा ली। इस पूरी घटना के दौरान पुलिस टीम उसे नीचे उतारने की कोशिश करती रही, लेकिन देखते ही देखते युवती फंदे पर झूल गई। परिजनों के मुताबिक, मृतका पिछले काफी समय से मानसिक रूप से परेशान थी और उसे मोबाइल देखने की अत्यधिक लत थी।
प्रेम प्रसंग और मानसिक अस्वस्थता का मामला
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, नीलिमा का बगीचा क्षेत्र के सेमरडीह गांव के एक युवक के साथ प्रेम संबंध था और वह उसी के साथ रह रही थी। वह मानसिक रूप से पूरी तरह स्वस्थ नहीं थी। करीब एक साल पहले भी एक मामूली विवाद के बाद उसने आम के पेड़ पर फांसी लगाकर जान देने की कोशिश की थी, लेकिन तब उसे वक्त रहते बचा लिया गया था। परिजनों ने उसकी मानसिक स्थिति सुधारने के लिए डॉक्टरों से इलाज कराने के साथ-साथ झाड़-फूंक का सहारा भी लिया था। कुछ समय ठीक रहने के बाद उसकी हालत फिर बिगड़ जाती थी। मृतका की मां ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि नीलिमा अक्सर अपने मोबाइल पर सुसाइड (फांसी लगाने) से जुड़े वीडियो देखा करती थी और मना करने पर भी बाज नहीं आती थी।
घटना से पहले की कड़ियां: रात भर घूमती रही युवती
घटना के एक दिन पहले दोपहर में नीलिमा के पास किसी का फोन आया, जिसके बाद वह घर से कहीं चली गई। रात करीब आठ बजे जब मां ने उससे फोन पर बात की, तो उसने जल्द घर लौटने का वादा किया, लेकिन वह वापस नहीं आई। पुलिस के मुताबिक, रात करीब 3 बजे गश्त कर रही पेट्रोलिंग टीम को वह होलीक्रॉस अस्पताल के पास अकेले घूमती हुई मिली थी। तब पुलिसकर्मियों ने उसे समझा-बुझाकर घर के लिए रवाना कर दिया था।
इसके बाद तड़के करीब 4 बजे युवती ने खुद डायल 112 पर कॉल किया और कहा कि कुनकुरी थाने में कोई मौजूद नहीं है। जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, तो उसने टीम से कहा कि वह सिर्फ यह टेस्ट कर रही थी कि सूचना मिलने पर पुलिस कितनी जल्दी एक्शन लेती है।
आंखों के सामने घटित हुआ खौफनाक मंजर
सुबह करीब 5 बजे जब उजाला हुआ, तो थाने के सामने रहने वाले एक स्थानीय निवासी ने अपने घर की छत से देखा कि एक युवती थाने के ठीक सामने मौजूद टावर पर चढ़ी हुई है और किसी से फोन पर बात कर रही है। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए डायल 112 से युवती का नंबर निकाला और उससे फोन पर बात करना शुरू किया। काफी समझाने-बुझाने के बाद युवती नीचे उतरने के लिए राजी भी हो गई थी। लेकिन तभी अचानक टावर पर ही वह अपने मोबाइल में कोई वीडियो देखने लगी और इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने वहीं फंदे पर लटककर अपनी जान दे दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

