छत्तीसगढ़ में 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ी गईं स्टेट जीएसटी (State GST Assistant Commissioner) की सहायक आयुक्त आंचल गिरी को 24 घंटे के भीतर निलंबित कर दिया गया है।
कबाड़ कारोबारी की शिकायत पर एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने शनिवार को किया था गिरफ्तार; बिचौलिया इमरान मेमन भी दबोचा गया, जगदलपुर संभाग संबंद्ध रहेगा मुख्यालय।
कांकेर/रायपुर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में पदस्थ स्टेट जीएसटी (State GST) की सहायक आयुक्त आंचल गिरी (Anchal Giri) पर आखिरकार निलंबन की गाज गिर गई है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) द्वारा शनिवार को उन्हें 1.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए जाने के 24 घंटे के भीतर ही राज्य सरकार ने यह बड़ा एक्शन लिया है। छत्तीसगढ़ राज्य कर आयुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कर्तव्य के दौरान रिश्वत की मांग करना बेहद गंभीर लापरवाही और कदाचार माना गया है, जिसके चलते उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबन अवधि के दौरान आंचल गिरी का मुख्यालय कार्यालय राज्य कर संयुक्त आयुक्त, जगदलपुर संभाग रहेगा और उन्हें नियमानुसार केवल जीवन निर्वाह भत्ता ही प्राप्त होगा।
ACB की टीम को देखते ही नाली में फेंक दी थी रिश्वत की रकम
एसीबी (ACB) की इस ट्रैप कार्रवाई के दौरान एक बेहद अजीबोगरीब वाकया भी सामने आया था। बताया जा रहा है कि जब एसीबी जगदलपुर और रायपुर की संयुक्त टीम ने शनिवार को आंचल गिरी के कांकेर स्थित निवास पर दबिश दी, तो कार्रवाई से घबराकर उन्होंने डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत की रकम को अपने घर के बाहर की नाली में फेंक दिया। इसके बाद एसीबी के अधिकारियों को कड़ी मशक्कत कर नाली से नोटों के भीगे बंडल बाहर निकालने पड़े, जिसकी तस्वीरें और चर्चा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
ई-वे बिल और वाहन रिलीज करने के एवज में मांगी थी घूस
कबाड़ कारोबारी मोहम्मद शौएब रंगरेज (निवासी कांकेर) ने एसीबी में इस भ्रष्टाचार की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि 18 नवंबर को उनकी कबाड़ ले जा रही गाड़ी को सभी जरूरी कागजात व प्रपत्र होने के बावजूद जीएसटी विभाग द्वारा रोक लिया गया था। शौएब का आरोप है कि सहायक आयुक्त आंचल गिरी ने अनधिकृत रूप से गाड़ी रुकवाई और 3 लाख रुपये के माल पर सीधे 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाने और वाहन जब्त करने की धमकी दी।
इस मामले को दबाने और कार्रवाई में राहत देने के एवज में पहले उनसे 2 लाख रुपये की मांग की गई, जो बाद में 1.50 लाख रुपये में तय हुई। इसमें 50 हजार रुपये जुर्माने के तौर पर काटने और बची हुई 1 लाख रुपये की राशि घर पहुंचाने की बात कही गई थी।
बिचौलिया इमरान मेमन भी गिरफ्तार, आय से अधिक संपत्ति की जांच शुरू
एसीबी की जांच और ट्रैप के दौरान इस पूरे रिश्वत कांड में संजयनगर, कांकेर निवासी इमरान मेमन (30) की मध्यस्थ (CA/दलाल) के रूप में अहम भूमिका सामने आई है। आरोप है कि जीएसटी अधिकारी आंचल गिरी ने रिश्वत की यह रकम इमरान के जरिए ही स्वीकार की थी। एसीबी ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) की धारा 7 और 12 के तहत केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
इस बीच, ट्रैप की कार्रवाई पूरी होने के बाद एसीबी की टीम ने आंचल गिरी के निवास पर छापा मारकर आय से अधिक संपत्ति (Disproportionate Assets) के संदेह में गहन तलाशी भी शुरू कर दी है, जहां संपत्ति और वित्तीय निवेश से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है।



