जानें अपनी गाड़ी की कैटेगरी के हिसाब से पूरी समयसीमा
Highlights:
-
सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम, 2026 को अधिसूचित कर तत्काल प्रभाव से लागू किया।
-
छह साल तक पुरानी नई BS-VI निजी गाड़ियों के लिए अब तीन साल तक वैध रहेगा PUC सर्टिफिकेट, बार-बार रिन्यू कराने के झंझट से मिलेगी मुक्ति।
-
छह साल तक पुराने BS-VI कमर्शियल वाहनों का पीयूसी सर्टिफिकेट दो साल के लिए वैध होगा, जबकि 10 साल से अधिक पुराने वाहनों को हर 6 महीने में कराना होगा रिन्यू।
-
BS-I, BS-II और BS-III वाहनों के लिए 3 महीने और BS-IV वाहनों के लिए 6 महीने की ही वैधता रहेगी जारी।
-
पहले से बने सर्टिफिकेट की वैधता अपने आप नहीं बढ़ेगी, अगले नवीनीकरण पर लागू होंगे नए नियम।
नई दिल्ली: देशभर के करोड़ों वाहन मालिकों को केंद्र सरकार ने बड़ी राहत दी है। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र यानी पीयूसी (PUC) सर्टिफिकेट की वैधता अवधि को लेकर नियमों में बड़ा बदलाव किया है। केंद्रीय मोटर वाहन (16वां संशोधन) नियम, 2026 के तहत जारी इस अधिसूचना के लागू होने के बाद अब नई BS-VI मानक वाली निजी गाड़ियों के मालिकों को हर छह महीने या हर साल पीयूसी बनवाने के झंझट से छुटकारा मिल गया है। नए नियमों के मुताबिक, छह साल तक पुरानी BS-VI निजी गाड़ियों के लिए पीयूसी प्रमाणपत्र अब सीधे तीन साल तक वैध रहेगा।
गाड़ी की उम्र तय करेगी PUC की वैधता, जानें निजी और कमर्शियल वाहनों के नियम
सरकार ने नए नियमों में वाहनों की उम्र और श्रेणी के आधार पर पीयूसी सर्टिफिकेट की वैधता तय की है। निजी BS-VI वाहनों के मामले में छह साल तक पुरानी गाड़ियों का सर्टिफिकेट तीन साल तक मान्य होगा। वहीं, गाड़ी के छह साल से अधिक और 10 साल तक पुराने होने पर हर साल पीयूसी का नवीनीकरण कराना होगा, जबकि 10 साल से ज्यादा पुरानी निजी गाड़ियों के लिए हर छह महीने में पीयूसी बनवाना अनिवार्य रहेगा। इसी तरह, BS-VI मानक वाले कमर्शियल (परिवहन) वाहनों के लिए भी राहत दी गई है। छह साल तक पुराने परिवहन वाहनों का पीयूसी सर्टिफिकेट दो साल तक वैध रहेगा, छह से 10 साल पुराने वाहनों के लिए हर साल और 10 साल से अधिक पुराने कमर्शियल वाहनों के लिए हर छह महीने में रिन्यूअल कराना जरूरी होगा।
पुराने BS-I से BS-IV वाहनों को नहीं मिली छूट, एक्सपायरी रिन्यूअल का नियम भी बदला
मंत्रालय ने पुराने उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों की वैधता अवधि में कोई लंबी छूट नहीं दी है। पहले की तरह ही BS-I, BS-II और BS-III मानक वाले वाहनों का पीयूसी सर्टिफिकेट केवल तीन महीने के लिए वैध रहेगा, जबकि BS-IV वाहनों के लिए इसकी अवधि छह महीने तय की गई है। इसके साथ ही सरकार ने सर्टिफिकेट एक्सपायर होने से पहले रिन्यू कराने का नियम भी स्पष्ट कर दिया है। यदि कोई वाहन मालिक सर्टिफिकेट खत्म होने के आखिरी 10 दिनों के भीतर नवीनीकरण कराता है, तो नए प्रमाणपत्र की वैधता पुराने सर्टिफिकेट की एक्सपायरी तारीख से गिनी जाएगी। वहीं, समयसीमा समाप्त होने के बाद रिन्यू कराने पर नई वैधता नवीनीकरण की तारीख से ही शुरू होगी।
पुराने सर्टिफिकेट पर कब से लागू होगा नया नियम?
मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत किया गया यह संशोधन राजपत्र में प्रकाशन के साथ ही पूरे देश में प्रभावी हो गया है। हालांकि, मंत्रालय ने यह स्पष्ट किया है कि नए नियम लागू होने से पहले जारी किए जा चुके पुराने पीयूसी प्रमाणपत्रों की वैधता अपने आप नहीं बढ़ेगी। जिन वाहन मालिकों के पास पहले से पीयूसी सर्टिफिकेट मौजूद है, उन्हें इस बढ़ी हुई वैधता का लाभ तभी मिलेगा जब वे नए नियम लागू होने के बाद पहली बार अपना सर्टिफिकेट रिन्यू कराएंगे।



