सरगुजा: उत्तर भारत की ओर से आ रही सर्द और बर्फीली हवाओं ने पूरे उत्तरी छत्तीसगढ़ को अपनी चपेट में ले लिया है। सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर समेत जशपुर और बलरामपुर जिलों में ठंड का असर तेजी से बढ़ गया है। मौसम में आए इस अचानक बदलाव के कारण संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में महज 48 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान में करीब छह डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे सुबह और रात के समय कड़ाके की ठिठुरन महसूस की जा रही है।
अंबिकापुर में 7.6 डिग्री तक गिरा पारा, सीजन की सबसे सर्द रात
मौसम विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, गुरुवार को अंबिकापुर में इस सीजन का अब तक का सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे एक दिन पहले बुधवार को यहां पारा 9.2 डिग्री सेल्सियस था, जबकि दो दिन पहले तक न्यूनतम तापमान 13 डिग्री के आसपास बना हुआ था। लगातार गिरते तापमान ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करना शुरू कर दिया है और सुबह के वक्त मॉर्निंग वॉक पर निकलने वालों की संख्या में भी कमी देखी जा रही है।
जशपुर के पाट इलाकों और बलरामपुर में भी बढ़ी गलन, अलाव बना सहारा
अंबिकापुर के साथ-साथ वनांचल क्षेत्र जशपुर और बलरामपुर जिले में भी बर्फीली हवाओं ने कंपकंपी बढ़ा दी है। जशपुर के ऊंचाई वाले पाट क्षेत्रों (सन्ना, पंडरापाठ, बगीचा) और बलरामपुर के मैदानी व वन क्षेत्रों में रात के तापमान में भारी गिरावट आने से सुबह के समय ओस की बूंदें और हल्का कोहरा नजर आने लगा है। अचानक बढ़ी इस ठिठुरन से बचने के लिए ग्रामीण और शहरी इलाकों में लोग अब सुबह-शाम अलाव का सहारा लेने लगे हैं, वहीं बाजारों में गर्म कपड़ों की खरीदारी भी तेज हो गई है।



