गजरज का आतंक रोकने को झारखंड का मास्टरप्लान
पलामू में बनेगा देश का पहला रिसर्च सेंटर
23 साल में जा चुकी है 1340 लोगों की जान
रांची:
झारखंड में मानव और हाथियों के बीच बढ़ते खूनी संघर्ष को थामने के लिए राज्य वन विभाग ने एक बड़ा और हाई-टेक मास्टरप्लान तैयार किया है। विभाग की नई पहल के तहत राज्य में हाथियों के पारंपरिक आवागमन वाले 75 कॉरिडोर को संवेदनशीलता के आधार पर तीन श्रेणियों (अत्यधिक, मध्यम और कम संवेदनशील) में बांटकर मजबूत किया जाएगा। प्रधान मुख्य वन संरक्षक (PCCF) संजीव कुमार ने निर्देश दिया है कि पहले चरण में अत्यधिक संवेदनशील मार्गों पर हाथियों के लिए चरागाह विकसित करने और पर्याप्त भोजन व पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि गजराज जंगलों से बाहर निकलकर गांवों का रुख न करें।
AI सिस्टम से मिलेगी हाथियों की लोकेशन, गांवों में बजेगा चेतावनी का हूटर
इस पूरी कार्ययोजना की सबसे खास और हाई-टेक कड़ी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित एलीफेंट अलर्ट सिस्टम है। संवेदनशील कॉरिडोर में ऐसी आधुनिक तकनीक लगाई जाएगी, जो किसी भी क्षेत्र में हाथियों के प्रवेश करते ही तुरंत उनकी मौजूदगी को ट्रैक कर लेगी। हाथियों के आसपास होने का संकेत मिलते ही नजदीकी गांवों में हूटर बज उठेगा, जिससे ग्रामीणों को समय रहते सतर्क होने और सुरक्षित स्थानों पर जाने का मौका मिल सकेगा। रामगढ़, हजारीबाग, चतरा, पलामू, जमशेदपुर और चाईबासा जैसे संवेदनशील इलाकों में इस प्रणाली से दुर्घटनाओं को रोकने में बड़ी मदद मिलेगी।
23 साल में 1340 लोगों की मौत, पलामू में बनेगा देश का पहला रिसर्च सेंटर
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, झारखंड में वर्ष 2000 से 2023 के बीच मानव-हाथी संघर्ष की कुल 1740 घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिनमें 1340 लोगों की दर्दनाक मौत हुई और 400 लोग घायल हुए। रांची, खूंटी और पूर्वी सिंहभूम इस संघर्ष के सबसे बड़े हॉटस्पॉट बनकर उभरे हैं। इस समस्या के स्थायी और वैज्ञानिक समाधान के लिए पलामू टाइगर रिजर्व (PTR) में 15 एकड़ जमीन पर देश का पहला ‘मानव-हाथी संघर्ष अनुसंधान केंद्र’ स्थापित करने की पहल भी की जा रही है। इस केंद्र में AI तकनीक की मदद से हाथियों के व्यवहार और संघर्ष के कारणों का गहन विश्लेषण कर रोकथाम की ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।



