*उमेश प्रजापति सीतापुर*/सरगुजा, 24 मई को आज संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उड़ीसा के गांजा सप्लायर पति-पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से लगभग साढ़े चार लाख रुपए कीमत का 22.600 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। कार्रवाई थाना सीतापुर क्षेत्र के जजगा पुलिया के पास की गई।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 24 मई को आबकारी उड़नदस्ता टीम थाना सीतापुर क्षेत्र में गश्त कर रही थी।
इसी दौरान टीम वंदना मेन रोड से मैनपाट की ओर जा रही थी। जजगा पुलिया के पास एक महिला और एक पुरुष उड़ीसा नंबर की टीवीएस जूपिटर वाहन के साथ दो बोरियों के पास संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए।सरकारी वाहन रुकते ही दोनों
घबराने लगे संदेह होने पर टीम ने पूछताछ की, जिसमें दोनों ने बोरियों में गांजा होना स्वीकार कर लिया। तलाशी लेने पर बोरियों से कुल 22.600 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी बाजार कीमत लगभग 4.5 लाख रुपए आंकी गई है।
पूछताछ में पुरुष ने अपना नाम रूपनाथ यादव तथा महिला ने अपना नाम इच्छा यादव बताया। दोनों पति-पत्नी हैं। रूपनाथ यादव मूल रूप से बंदना, थाना सीतापुर का निवासी है, लेकिन उड़ीसा निवासी इच्छा यादव से विवाह करने के बाद वह उड़ीसा के ग्राम रस्टी, थाना किंजीर कला, जिला सुंदरगढ़ में रहने लगा था।
आबकारी विभाग के अनुसार दोनों आरोपी उड़ीसा से गांजा लेकर सीतापुर क्षेत्र में सप्लाई करने पहुंचे थे। मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि छत्तीसगढ़ में आने वाले लगभग 90 प्रतिशत गांजे की सप्लाई उड़ीसा से होती है, जिसे रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक रमेश दुबे, प्रधान आरक्षक अशोक सोनी, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह एवं चंद्रावती की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

