रायपुर: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का प्रभाव छत्तीसगढ़ में पड़ने की आशंका के चलते राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए दंतेवाड़ा जिले में 27 अक्टूबर को सभी सरकारी और निजी स्कूलों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी ने कलेक्टर की अनुमति से यह आदेश जारी किया है। हालांकि, यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए है, जबकि शिक्षकों को स्कूल पहुंचना होगा।
चक्रवात के खतरे को भांपते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी जिलों के कलेक्टरों को 27 से 29 अक्टूबर तक विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग की चेतावनियों पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासनिक अमले को तैयार रहने को कहा गया है।

विशेष तौर पर दक्षिण बस्तर के जिलों जैसे दंतेवाड़ा, सुकमा, बीजापुर, बस्तर और नारायणपुर में भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका सबसे अधिक है, जिसके कारण इन क्षेत्रों में अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह त्वरित कदम उठाया है।


