कुनकुरी (जशपुर):
जशपुर जिले के कमतरा ग्राम पंचायत में आयोजित कमतरा जूनियर कप फुटबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक फाइनल मुकाबला रविवार, 25 अक्टूबर को संपन्न हुआ। बरांगजोर और भुसड़ीटोली के बीच खेले गए इस खिताबी मुकाबले में बरांगजोर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए 5-0 के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। इस प्रतियोगिता में जशपुर जिले भर से कुल 32 जूनियर टीमों ने हिस्सा लेकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाना और उन्हें खेलों से जोड़ना था, जो पूरी तरह सफल रहा। आयोजन कमतरा ग्राम पंचायत के युवा सरपंच एवं जिला एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अभिषेक कुजूर तथा बीडीसी अभिनंद खलखो के नेतृत्व में युवा समिति कमतरा द्वारा किया गया था। अनिमेष कुजूर के हाथों विजेता टीम को 10000 रुपए एवं उपविजेता टीम को 5000 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया तथा कुमार स्टोर्स के सौजन्य से दोनों टीमों को चमचमाती ट्रॉफी दी गई।
*भव्य समापन एवं अतिथियों की उपस्थिति*
फाइनल मुकाबले के समापन समारोह में खेलप्रेमियों का उत्साह बढ़ाने कई विशिष्ट अतिथि पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला जशपुर पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत जशपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार (IAS), ट्रैफिक पुलिस अधीक्षक, जनपद अध्यक्ष सुशिला साय और जनपद पंचायत कुनकुरी के सीईओ प्रमोद कुमार सिंह उपस्थित रहे।कार्यक्रम के विशेष आकर्षण एशियन गेम्स के कांस्य पदक विजेता, युवा दिलों के प्रेरणास्रोत अनिमेष कुजुर और उनका परिवार रहे। कमतरा पहुंचने पर एशियन गेम्स पदक विजेता अनिमेष कुजूर का गर्मजोशी के साथ भव्य स्वागत किया गया।
*अतिथियो ने युवाओं को दिए प्रेरणादायक संदेश*
पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने युवाओं को नशे से दूर रहने की नसीहत दी और ‘राइड विद हेलमेट’ का संदेश देते हुए सड़क सुरक्षा के नियमों को विस्तार से समझाया। जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार ने सरकार की खेल नीतियों और दूरदर्शी योजनाओं का जिक्र करते हुए युवाओं को जीवन में निरंतर प्रयास करने और अनिमेष कुजूर की सफलता से प्रेरणा लेने की बात कही।
जनपद अध्यक्ष सुश्री सुशिला साय ने खेलों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और जन कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। एशियन गेम्स पदक विजेता अनिमेष कुजूर ने युवाओं के साथ अपने सफलता के मंत्र साझा किए। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में आगे बढ़ने, नशे से तौबा करने और अपने लक्ष्यों के लिए निरंतर प्रयास करने का आग्रह किया ।
*राष्ट्रीय स्तर के शिक्षक-खिलाड़ी का सम्मान*
कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति एवं एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष अभिषेक कुजूर ने शासकीय प्राथमिक शाला डीपाटोली में पदस्थ शिक्षक एवं राष्ट्रीय स्तर के धावक महेश तिर्की को शॉल और मोमेंटो भेंटकर सम्मानित किया। शिक्षक महेश तिर्की ने हाल ही में तमिलनाडु के कोयंबटूर में आयोजित 5वीं राष्ट्रीय स्पोर्ट्स एवं गेम्स प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ राज्य का प्रतिनिधित्व करते हुए 4×400 मीटर रिले दौड़ में स्वर्ण पदक और 1500 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीतकर जशपुर, कुनकुरी और पूरे छत्तीसगढ़ राज्य का नाम रोशन किया है। शिक्षक महेश तिर्की ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने परिवार और विद्यालय के संस्था प्रमुख लवकुमार गुप्ता को दिया। डीपाटोली के प्रधान पाठक ने धावक अनिमेष कुजूर और शिक्षक महेश तिर्की दोनों को बधाई देते हुए उन्हें क्षेत्र के युवाओं के लिए सच्चा प्रेरणा स्रोत बताया।
इस सफल आयोजन को संपन्न कराने में युवा सरपंच अभिषेक कुजुर, बी डी सी अभिनंदन खलखो बेमताटोली, उपसरपंच आलोक टोप्पो एवं युवा समिति कमतरा के युवा मुकेश कुजुर, सुनील पन्ना अनुरंजन कुजुर,सुदीप टोप्पो, निशांत, आर्यन मिंज, मोहित कुजुर शारीफ ख़ान, प्रीतम मिंज, साहिल,दीपक एंजिल एवं समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।


