रायपुर: भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति इरानी ने अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान पार्टी संगठन को धार देते हुए कई महत्वपूर्ण संदेश दिए हैं। कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में दिनभर चली मैराथन बैठकों में विधायकों, सांसदों, प्रदेश मंत्रिमंडल और भाजपा कोर ग्रुप के साथ संगठनात्मक एवं राजनीतिक मुद्दों पर विस्तार से मंथन किया गया।
प्रदेश प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए कहा कि पद और जिम्मेदारियां बदलती रहती हैं, लेकिन कार्यकर्ता ही संगठन की स्थायी पूंजी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया और डिजिटल संवाद को आज के दौर में जरूरी बताया, लेकिन साथ ही स्पष्ट किया कि यह कभी भी जमीनी और प्रत्यक्ष जनसंपर्क का विकल्प नहीं हो सकता। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और दूरस्थ इलाकों तक पहुंचकर आम जनता के सुख-दुख में साझीदार बनने का आह्वान किया।
दो दिनों के इस प्रवास के दौरान अलग-अलग सत्रों में करीब 12 श्रेणियों की बैठकें आयोजित की गईं। पहले सत्र में विधायकों के साथ सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा हुई, तो वहीं दूसरे सत्र में सांसदों के साथ संसदीय क्षेत्रों के विकास कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अलावा मंत्रिमंडल के साथ हुई बैठक में योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। दिन के अंतिम चरण में हुई कोर ग्रुप की बैठक में आगामी राजनीतिक गतिविधियों और भविष्य की रणनीति को अंतिम रूप दिया गया।
बैठकों के समापन के बाद प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि इन बैठकों से संगठन को नई ऊर्जा और स्पष्ट दिशा मिली है। इस दौरान पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान की भी समीक्षा की गई और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।


