रायपुर: छत्तीसगढ़ शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने सत्र 2026-27 के लिए कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में प्रवेश से वंचित रहे छात्रों को बड़ी राहत दी है। छात्रहित को ध्यान में रखते हुए विभाग ने प्रवेश की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया है, जिसके तहत अब विद्यार्थी 19 सितंबर 2026 तक प्रवेश ले सकेंगे।
रिक्त सीटों पर मिलेगा दाखिला
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 31 अगस्त 2026 तक बढ़ाई गई थी। इसके बावजूद कई विद्यार्थी निर्धारित समय सीमा के भीतर दाखिला नहीं ले सके थे। ऐसे विद्यार्थियों को एक और अवसर देते हुए विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश की यह बढ़ी हुई सुविधा केवल रिक्त सीटों की उपलब्धता की स्थिति में ही लागू होगी। जिन कॉलेजों या पाठ्यक्रमों में सीटें खाली हैं, वहाँ निर्धारित प्रक्रिया के तहत विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।























