रायपुर:
छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने प्रदेशभर के नगरीय निकायों में व्यापक स्तर पर प्रशासनिक सर्जरी की है। मंत्रालय (महानदी भवन), नवा रायपुर अटल नगर से 30 अक्टूबर 2026 की देर रात जारी आदेश के तहत विभाग ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO), प्रभारी सीएमओ और सहायक अधिकारियों सहित कुल 53 अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादले किए हैं। इसके अलावा पूर्व में जारी किए गए चार अधिकारियों के स्थानांतरण आदेशों में भी संशोधन किया गया है। उप सचिव डी.एन. कश्यप के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश में सभी स्थानांतरित अधिकारियों को प्रशासनिक दृष्टि से समान सामर्थ्य सेवा शर्तों व निबंधनों के अधीन नवीन पदस्थापना दी गई है।
भारत ने रचा इतिहास: इसरो ने अंतरिक्ष में भेजा अगली पीढ़ी का नेविगेशन उपग्रह ‘NVS-03
जारी सूची में बलौदाबाजार, मुंगेली, जांजगीर-नैला, सक्ती, बांकीमोंगरा, मनेन्द्रगढ़, पिपरिया, पेंड्रा, दल्लीराजहरा, चांपा, अकलतरा, बालोद और तखतपुर जैसी कई महत्वपूर्ण नगर पालिकाओं के साथ-साथ दर्जनों नगर पंचायतों के प्रशासनिक प्रमुख बदले गए हैं। आदेश के तहत नगर पालिक निगम रायपुर में पदस्थ जोन कमिश्नर विनोद पाण्डेय को नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार का नया सीएमओ बनाया गया है, जबकि बलौदाबाजार के सीएमओ आशीष तिवारी को मुंगेली भेजा गया है। वहीं, मुंगेली सीएमओ होरी सिंग ठाकुर को जांजगीर-नैला, जांजगीर-नैला के सीएमओ विक्रम भगत को सक्ती, सक्ती के सीएमओ प्रहलाद पाण्डेय को बांकीमोंगरा, बांकीमोंगरा की सीएमओ ज्योत्स्ना टोप्पो को मनेन्द्रगढ़ तथा मनेन्द्रगढ़ सीएमओ अजय राजपूत को पिपरिया स्थानांतरित किया गया है। कई प्रभारियों को उनके मूल पद (जैसे स्वच्छता निरीक्षक, लेखापाल, सहायक राजस्व निरीक्षक) पर वापस भेजते हुए नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं।
जन्म-मृत्यु और विवाह पंजीयन शुल्क की नई सूची, जानें किस काम के लिए कितना देना होगा शुल्क
शासन ने आदेश में कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट निर्देश दिया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारी व कर्मचारी अपनी वर्तमान पदस्थापना से कार्यमुक्त होकर आगामी 7 दिनों के भीतर नवीन पदस्थापना स्थल पर अनिवार्य रूप से कार्यभार ग्रहण करें और विभाग को सूचित करें। निर्धारित समय-सीमा के भीतर नवीन पद पर ज्वाइनिंग न देने की स्थिति में वर्तमान स्थान से उनका वेतन आहरित नहीं किया जा सकेगा। आदेश में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि समयावधि बीतने के बाद भी किसी नियंत्रण अधिकारी द्वारा संबंधित कर्मी का वेतन आहरित किया जाता है, तो उस नियंत्रण अधिकारी के विरुद्ध भी सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।



