नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने देश में बहुप्रतीक्षित जनगणना (Census) की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। गृह मंत्रालय की तरफ से जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, भारत के सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 25 जनवरी से जनगणना की प्रक्रिया शुरू होगी, जो 28 फरवरी तक चलेगी। इसके बाद 1 मार्च से 5 मार्च, 2027 तक जनगणना का रिवीजन चरण चलाया जाएगा।
चुनावी राज्यों को मिली छूट
चुनावी राज्यों और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने कुछ अहम छूट दी हैं। मणिपुर, गोवा, उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड के साथ-साथ केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के बर्फ से ढके इलाकों को इस बार जनगणना से बाहर रखा गया है।
10 जनवरी से मिलेगा ‘सेल्फ-एन्यूमरेशन’ (खुद जानकारी भरने) का विकल्प
भारत के रजिस्ट्रार जनरल और जनगणना आयुक्त मृत्युंजय कुमार नारायण द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, घर-घर जाकर की जाने वाली मुख्य जनसंख्या गणना से पहले 10 जनवरी से 24 जनवरी 2027 तक लोगों के पास एक विशेष विकल्प होगा। इसके तहत आम नागरिक खुद ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज (Self-Enumeration) करा सकेंगे।
जनगणना के दौरान पूछे जाएंगे कुल 40 सवाल
1. व्यक्तिगत और पारिवारिक विवरण
- आपका नाम
- परिवार के मुख्य व्यक्ति से संबंध
- लिंग
- जन्म तिथि और आयु (वर्षों में)
- वैवाहिक स्थिति
- विवाह के समय उम्र
- जीवनसाथी का नाम
- राष्ट्रीयता
- पिता की डिटेल्स
- माता की डिटेल्स
2. सामाजिक और सांस्कृतिक पहचान
- किस धर्म को मानते हैं
- जाति
3. भाषा और शिक्षा
- कौन-कौन सी भाषाएं जानते हैं, मातृभाषा क्या है?
- कितने पढ़े लिखे हैं, डिजिटल ज्ञान कितना है?
- एजुकेशन संस्थान में उपस्थिति कितनी है?
- आपने कितनी पढ़ाई की है?
4. आर्थिक स्थिति और रोजगार
- पिछले एक साल में क्या कोई काम किया?
- आर्थिक स्थिति की कैटेगरी क्या है?
- काम-धंधा क्या है?
- आप कौन सा काम करते हैं?
- मालिक हैं या कर्मचारी?
- गैर-आर्थिक गतिविधि क्या है?
- क्या आप काम की तलाश कर रहे हैं?
- काम पर कैसे जाते हैं? (आगमन का साधन)
5. प्रवास / निवास स्थान
- जन्म का स्थान क्या है?
- आप पहले कहां रहते थे?
- जगह क्यों बदलनी पड़ी?
- वर्तमान स्थान पर कब से रह रहे हैं?
- मूल या स्थायी पता क्या है?
6. स्वास्थ्य, परिवार और प्रजनन
- विकलांगता (अगर है तो)
- बच्चों की संख्या (जीवित)
- पैदा हुए कुल बच्चों की संख्या
- एक साल के अंदर जन्म लेने वाले जीवित बच्चों की संख्या (महिलाओं के लिए)
- कोविड-19 का टीका कहां लगवाया?
7. पहचान पत्र और वित्तीय विवरण
- कितने बैंक खाते हैं?
- मोबाइल नंबर (अगर है तो)
- आधार कार्ड का नंबर (अगर है तो)
- वोटर आईडी कार्ड नंबर (अगर है तो)
- पासपोर्ट नंबर (यदि भारतीय पासपोर्ट है तो)
- ड्राइविंग लाइसेंस नंबर


